उत्तर प्रदेश

'हम कोई भिखारी हैं, तय कर लें लड़ाई भाजपा से है या कांग्रेस से', सपा के प्रत्याशी उतारने पर इमरान मसूद का अखिलेश पर तंज

jantaserishta.com
25 Nov 2026 10:32 AM IST
हम कोई भिखारी हैं, तय कर लें लड़ाई भाजपा से है या कांग्रेस से, सपा के प्रत्याशी उतारने पर इमरान मसूद का अखिलेश पर तंज
x
लखनऊ: कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने 'इंडिया' गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कोई भिखारी नहीं है और सीट बंटवारे की रणनीति पर स्पष्टता की मांग की है।
न्यूज एजेंसी से बातचीत करते हुए इमरान मसूद ने शायराना अंदाज में सपा पर तंज कसते हुए कहा कि 'उनको अच्छी नहीं लगती बुलंदी मेरी, उनको शायद मेरी परवाज बहुत खलती है।" उन्होंने कहा कि यह एक शेर है और यही जवाब है। सहारनपुर से दो प्रत्याशियों को उतारने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, "कांग्रेस प्रत्याशी उतरना चाहती थी, क्यों कहा जा रहा है, जब कांग्रेस को उतारना होगा तो उतार देगी।
इमरान मसूद ने कहा, "गठबंधन के बीच में ऐसा काम किया जाएगा तो यह गठबंधन नहीं है। इसका मतलब यही है कि उनके अंदर गंभीरता नहीं है। अगर इस तरह से हो रहा है तो गठबंधन कहां है? अब हमारे नेतृत्व को तय करना चाहिए कि हमको क्या करना है? यह समझ से परे है कि इधर बात कुछ की जाती है और उधर हो कुछ जाता है। अखिलेश यादव क्या कर रहे हैं, हमारे लिए यह बड़ा विषय नहीं है। मैं अपनी पार्टी से बंधा हूं। पार्टी जो कहेगी मुझे वही करना है।"
अखिलेश यादव की ओर से कांग्रेस के लिए 26 सीटें फाइनल करने के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, "हम कोई भिखारी थोड़ी ही हैं। अखिलेश यादव कांग्रेस को भिखारी समझ रहे हैं। हमने उनसे सीटें मांगी नहीं और उन्होंने सीटें घोषित कर दीं। इसको गंभीरता नहीं कहा जा सकता।"
कांग्रेस की आगे की रणनीति के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, "राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आ जाएं। जो हमारा नेतृत्व कहेगा, हमको वही करना है। हमें उनकी (सपा) घोषणा से कोई फर्क नहीं पड़ता लेकिन यह जरूर तय हो जाए कि लड़ाई भाजपा से है या कांग्रेस से है।"
सीट बंटवारे के सवाल पर इमरान मसूद ने कहा, "मेरा मानना है कि इस तरह से तो कुछ भी नहीं हो पाएगा। मुझे यही नहीं समझ आ रहा है कि हम लोग भिखारी थोड़ी हैं। हम उनसे (सपा) सीट मांग नहीं रहे हैं और उन्होंने हमारे लिए 26 सीटें घोषित कर दीं। हमारी ओर से तो कोई डिमांड भी नहीं की गई थी। अगर इस तरह से 'तानाशाही' वाला रवैया अपनाया जाएगा तो मुझ जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति को ये बातें समझ नहीं आएंगी।"
इमरान मसूद ने कहा, "मैं तो कांग्रेस से बंधा हूं और चर्चा के बाद कांग्रेस का आधिकारिक बयान सामने आएगा लेकिन सपा की ओर से जो किया जा रहा है, वह बेहतर नहीं है। जब उन्होंने (सपा) तय कर लिया है कि क्या करना है और क्या नहीं करना है, तो इसमें रणनीति की बात ही नहीं है। पार्टी ने मुझ पर विश्वास किया है, मुझे अपनी पार्टी के लिए काम करना है। अपने कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाना है।"
अखिलेश यादव के फैसले पर इमरान मसूद ने कहा, "यह उनका फैसला है, वे जानें। इसमें मुझे क्या देखना है? अगर वे साथ हैं तो साथ चलने के तौर तरीके को सीखना चाहिए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story