- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- प्रदेश के दस रेलवे...
प्रदेश के दस रेलवे स्टेशनों पर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग को मिली मंजूरी

लखनऊ: राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के दस रेलवे स्टेशनों के बाहर इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग को मंजूरी मिल गई है। रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद अब इन स्टेशनों पर 13 चार्जिंग स्टेशन बनेंगे। रेलवे पर्यावरण संरक्षण की तरफ अपने कदम तेजी से बढ़ा रहा है। इसी क्रम में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने चार्जिंग स्टेशन खोलने का फैसला लिया है। इसमें रेलवे बोर्ड ने लखनऊ मंडल के दस स्टेशनों पर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग व्यवस्था शुरू करने के लिए एक वर्ष के लिए नामित किया है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग और लोगों की जरूरत को ध्यान में रखकर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। स्टेशन परिसर में पार्किंग के आसपास चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। लखनऊ के चारबाग में दो, वाराणसी में दो, प्रयागराज में दो, अयोध्या में दो, अयोध्या कैंट पर एक, सुल्तानपुर में एक, रायबरेली में एक, प्रतापगढ़ में एक, निहालगढ़ और अमेठी में एक-एक चार्जिंग स्टेशन खुलेंगे। इन चार्जिंग स्टेशनों पर वाहनों को चार्ज कराने वालों से 20 रुपये प्रति यूनिट भुगतान लिया जाएगा। एक महीने के भीतर वाहनों की चार्जिंग शुरू होने की उम्मीद है।





