उत्तर प्रदेश

Anuppur: युवक संग भागी किशोरी को पुलिस ने पकड़ा

Admindelhi1
6 Feb 2026 5:26 PM IST
Anuppur: युवक संग भागी किशोरी को पुलिस ने पकड़ा
x

अनूपपुर: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ से भगाई गई एक नाबालिग किशोरी को बरामद किया है। किशोरी को अनूपपुर लेकर आए युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को शुक्रवार को छत्तीसगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अनूपपुर नगर में एक संदिग्ध युवक एक किशोरी के साथ किराए का कमरा लेने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही महिला उपनिरीक्षक सरिता लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश तिवारी, आरक्षक अब्दुल कलीम और महिला आरक्षक अंकिता सोनी की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम ने मौके से किशोरी को आरोपी बबलू देवांगन (19 वर्ष) के कब्जे से पकड़ा। बबलू देवांगन छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले का निवासी है। थाना लाकर पूछताछ करने पर पता चला कि वह परिजनों और पुलिस से बचने के लिए यहां किराए के मकान में रहने की कोशिश कर रहे थे।

कोतवाली पुलिस की सूचना पर छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले की लटोरी पुलिस चौकी, थाना जयनगर से सहायक उपनिरीक्षक मानिकदास और नाबालिग के परिजन भी अनूपपुर पहुंच गए। परिजनों को किशोरी सौंप दी गई और पकड़े गए आरोपी को भी छत्तीसगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार, किशोरी 31 जनवरी 2026 को अपने घर से लापता हो गई थी, जिसके संबंध में लटोरी पुलिस चौकी में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज है। कोतवाली पुलिस हाल के दिनों में होटलों और किराए के कमरों में बाहरी लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इस कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस और किशोरी के परिजनों ने अनूपपुर कोतवाली पुलिस की सराहना की है।

Next Story