उत्तर प्रदेश

कानपुर में पुलिस और गौकशी के आरोपी के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली

Admindelhi1
22 Nov 2026 4:47 PM IST
कानपुर में पुलिस और गौकशी के आरोपी के बीच मुठभेड़, पैर में लगी गोली
x
शिवनारायण टंडन पुल के पास मुठभेड़, गौकशी का वांछित आरोपी पकड़ा गया

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रविवार सुबह गौकशी के मामले में वांछित आरोपी और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। रेलबाजार थाना क्षेत्र के शिवनारायण टंडन पुल के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, रेलबाजार पुलिस टीम सुबह क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फेथफुलगंज में हुई गौकशी की घटना का वांछित आरोपी पुल के पास मौजूद है।

पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे आरोपी घायल हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम, निवासी पचरोजा, जाजमऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और 60 रुपये बरामद करने की जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई एहतिशाम के साथ मिलकर 17-18 नवंबर की रात आजाद पार्क, फेथफुलगंज के पास गौकशी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का उपचार जारी है और इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story