उत्तर प्रदेश

दिल्ली धमाके के बाद अमरोहा में हाई अलर्ट, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर सख्त जांच शुरू

SHIDDHANT
11 Nov 2025 12:27 AM IST
दिल्ली धमाके के बाद अमरोहा में हाई अलर्ट, भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर सख्त जांच शुरू
x
Delhi दिल्ली: हुए धमाके के बाद अमरोहा जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार आनंद ने बताया कि पूरे जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि “दिल्ली धमाके के बाद एहतियात के तौर पर सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और धार्मिक स्थलों पर सघन जांच की जा रही है।”
एसपी अमित कुमार आनंद ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिले के सभी थाने और चौकियों के पुलिसकर्मियों को नाका चेकिंग बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी लेने और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि “पूरी पुलिस फोर्स को सतर्क कर दिया गया है और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।”
पुलिस टीमों द्वारा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की भी जांच की जा रही है। वहीं, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन टीम को भी लगाया गया है।
एसपी ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अमरोहा पुलिस का कहना है कि यह कदम केवल एहतियात के तौर पर उठाया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को पहले ही रोका जा सके और जिले में शांति व सुरक्षा की स्थिति बनी रहे।
Next Story