उत्तर प्रदेश

Amroha: मुस्लिम परिवार होली के लिए तैयार कर रहा रंग-बिरंगी टोपियां

Admindelhi1
7 March 2025 1:32 PM IST
Amroha: मुस्लिम परिवार होली के लिए तैयार कर रहा रंग-बिरंगी टोपियां
x
"पेश कर रहा भाईचारे की मिसाल"

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा के मोहल्ला बटवाल में एक मुस्लिम परिवार सदियों से भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। यह परिवार हर साल बड़े प्यार और लगन से हिंदुओं के पवित्र त्योहार होली के लिए रंग-बिरंगी टोपियां तैयार करता है।

टोपी कारीगर हुजैफा बताते हैं कि इस काम में भले ही ज्यादा मुनाफा न हो, लेकिन दिलों को जोड़ने वाली इस परंपरा को निभाने से जो खुशी मिलती है, उसकी कोई कीमत नहीं। देशभर से इस परिवार को होली की टोपियों के ऑर्डर मिलते हैं। ये टोपियां सिर्फ एक परिधान नहीं, बल्कि हिंदू-मुस्लिम एकता की खूबसूरत तस्वीर पेश करती हैं।

दादा के जमाने से चला आ रहा काम

हुजैफा कहते हैं, "हमारे यहां हिंदू भाइयों के लिए टोपियां बनाई जाती हैं। होली के लिए 'जय श्री राम' लिखी टोपियां, भगवा रंग की टोपियां और कई अन्य रंगों की टोपियां तैयार की जाती हैं। यह परंपरा हमारे दादा के समय से चली आ रही है। मैं पढ़ाई के साथ-साथ यह काम भी करता हूं, जिससे हमारा परिवार चलता है।"

हालांकि, इस बार होली पर टोपियों की मांग कम है। फिर भी, अमरोहा से तैयार होकर ये टोपियां दिल्ली, प्रयागराज, मुरादाबाद, संभल, पाकबड़ा, लखनऊ समेत कई अन्य जिलों में भेजी जाती हैं।

बरसाना में होली का खुमार छाया

देशभर में 14 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा, लेकिन मथुरा और बरसाना में होली का रंग अभी से चढ़ चुका है। मथुरा के बरसाना में श्रद्धालु पहले से ही रंगों में सराबोर नजर आ रहे हैं। बीते गुरुवार को श्रीजी महल में श्रद्धालुओं ने जमकर होली खेली और होली के गीतों पर झूमते नजर आए।

अमरोहा के इस मुस्लिम परिवार की मेहनत और समर्पण यह साबित करता है कि जब मेलजोल और भाईचारे की बात हो, तो परंपराएं धर्म से ऊपर उठकर एकता का संदेश देती हैं।

Next Story