उत्तर प्रदेश

Amroha: पुलिस की बर्बरता पर कोर्ट सख्त

Admindelhi1
25 Sept 2025 3:37 PM IST
Amroha: पुलिस की बर्बरता पर कोर्ट सख्त
x
"महिला की टूटी रीढ़ बनी सबूत"

अमरोहा: अमरोहा जिले के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में पुलिस की बर्बरता का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। किसान दंपती के घर में 1 फरवरी 2025 की आधी रात दारोगा रामनिवास और दो कॉन्स्टेबलों ने घुसकर मारपीट की, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हुई और उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई।

पीड़ित दंपती का आरोप है कि पुलिसकर्मी बिना किसी कारण रात में उनके घर में घुस आए और जब उन्होंने आपत्ति जताई तो बेरहमी से हमला कर दिया। यह हमला पिछले साल दर्ज हुए छेड़छाड़ और मारपीट के मामले से जुड़े विवाद का परिणाम बताया जा रहा है। पीड़ित महिला ने पहले ही नौगावां सादात थाने में कुछ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी फैसले को अपने पक्ष में करवाने के लिए दबाव डालने लगे।

किसान परिवार का आरोप है कि नौगावां सादात पुलिस शुरू से ही आरोपियों के पक्ष में थी और उन्होंने उल्टे पीड़ित परिवार पर ही मुकदमा दर्ज कर उनके पिता और भाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस बीच दंपती ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी भी दाखिल की थी।

पीड़ित ने बताया कि पुलिस की पिटाई के बाद पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने रीढ़ की हड्डी टूटने की पुष्टि की। जिला जज की अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दारोगा रामनिवास, कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र और ममता के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।

Next Story