- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Amroha: छात्र से...
Amroha: छात्र से बर्बरता, स्कूल प्रबंधक और शिक्षक पर पिटाई का आरोप

अमरोहा: शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 12 के छात्र को स्कूल प्रबंधक और शिक्षक ने तीसरी मंजिल पर ले जाकर बेरहमी से पीट दिया। छात्र बेहोश हो गया। होश आने पर किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। अब छात्र ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक, खाईखेड़ा गांव निवासी नकुल शहर के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है। शनिवार दोपहर स्कूल में एक छात्र ने बेंच की टूटी लोहे की रेलिंग चुपचाप नकुल के बैग में रख दी। नकुल ने जब बैग में वह रेलिंग देखी तो उसे निकालकर स्कूल में ही रख दिया। इसी दौरान स्कूल प्रबंधक और शिक्षक ने उसे देख लिया और बिना कुछ पूछे-समझे उसे पकड़कर तीसरी मंजिल के कमरे में ले गए।
छात्र का आरोप है कि कमरे का दरवाजा बंद कर उसे डंडों से जमकर पीटा गया, जिससे वह बेहोश हो गया। कुछ देर बाद होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन जब उसे लेकर स्कूल पहुंचे तो वहां भी स्कूल प्रबंधन ने उनके साथ अभद्रता की।
पीड़ित छात्र और उसके परिजनों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





