उत्तर प्रदेश

Amethi: SDM पर जानलेवा हमला, अतिक्रमण विरोध में हिंसा

Admindelhi1
20 Jun 2025 10:06 AM IST
Amethi: SDM पर जानलेवा हमला, अतिक्रमण विरोध में हिंसा
x
"पुलिस बल तैनात"

अमेठी: अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के माधोपुर वार्ड में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने एसडीएम प्रीति तिवारी को गाड़ी से खींच लिया, उनकी गर्दन पकड़ी और अभद्रता की। सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। इस हमले में एसडीएम प्रीति तिवारी, नायब तहसीलदार अनुश्री, और लेखपाल सिराज को गंभीर चोटें आईं। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि राजस्व टीम को जान बचाकर भागना पड़ा।

राजस्व टीम भोलानाथ सिंह की शिकायत पर माधोपुर गांव में कार्रवाई करने पहुंची थी। भोलानाथ, जो एक उर्वरक व्यवसायी हैं, ने बताया कि उनके खेत तक जाने वाले रास्ते (गाटा संख्या 291) और उनकी जमीन (गाटा संख्या 286) सहित कई सरकारी चकों पर उदयभान सिंह, उनके भाई तेजभान सिंह, और उनके परिवार की पांच महिलाओं ने अवैध कब्जा कर रखा था। भोलानाथ ने इस मामले की शिकायत 2019 से की थी और मंगलवार को फिर से शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद राजस्व टीम बुधवार को मौके पर पहुंची।

हमले के दौरान गांव की महिलाओं और पुरुषों ने राजस्व टीम पर पथराव किया और सरकारी काम में बाधा डाली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह एसडीएम को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। हमले के बाद राजस्व टीम गौरीगंज कोतवाली पहुंची और शिकायत दर्ज की।

सूचना मिलते ही एएसपी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में जामो, मुंशीगंज, और महिला थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एएसपी ने बताया कि लेखपाल कुलदीप यादव की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में शामिल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।

एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि गौरीगंज तहसील की एसडीएम अपनी टीम के साथ सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई थीं। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने अभद्रता की, पथराव किया, और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

भोलानाथ सिंह ने बताया कि उदयभान सिंह और उनके परिवार ने उनके खेत के रास्ते और सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। जब राजस्व टीम कब्जा हटाने पहुंची, तो हमलावरों ने न केवल टीम पर हमला किया बल्कि उन्हें भी मारा।

Next Story