उत्तर प्रदेश

Amethi: किशोर के अपहरण की आशंका, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज की

Admindelhi1
13 Aug 2026 10:56 AM IST
Amethi: किशोर के अपहरण की आशंका, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज की
x
लापता किशोर मामले में पुलिस की कार्रवाई, अपहरण का मुकदमा दर्ज

अमेठी: अमेठी जिले के थाना रामगंज की चौकी रामगंज अंतर्गत मोहनपुर गांव से स्कूल से घर जाने के निकला एक किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद थाना रामगंज में तहरीर देकर कुछ लोगों पर किशोर के साथ मारपीट करने और उसे जबरन उठाकर अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मुकदमा पंजीकृत करते हुए जांच और बरामदगी की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तहरीर के मुताबिक किशोर 11 अगस्त 2026 की सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों के अनुसार शाम पांच बजे तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के स्थानों, रिश्तेदारियों और बाजार में खोजबीन की गई, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों का आरोप है कि बाजार में खोजबीन के दौरान कुछ लोगों ने बताया कि किशोर के साथ मारपीट की गई थी। तहरीर में दावा किया गया है कि बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर के पास किशोर को कुछ लोगों ने कथित तौर पर बुरी तरह पीटा। इसके बाद से वह लापता है। परिजनों ने आशंका जताई है कि मारपीट करने वाले लोग किशोर को अपहरित कर अपने साथ ले गए।

इस घटना के सम्बन्ध में बुधवार की देर शाम अमेठी के पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल प्रभाव से नामजद आरोपित रवि और सनी के खिलाफ अपहरण की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक के द्वारा किशोर की सकुशल बरामद की हेतु पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया है। यथाशीघ्र लापता किशोर की बरामदगी करते हुए जैसे तथ्य प्रकाश में आएंगे तदनुरूप आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story