उत्तर प्रदेश

Amethi: टंकी के पास शव मिलने से इलाके में सनसनी

Admindelhi1
11 Sept 2026 1:49 PM IST
Amethi: टंकी के पास शव मिलने से इलाके में सनसनी
x
नवनिर्मित टंकी के पास मिला शव, पुलिस सक्रिय

अमेठी: अमेठी जनपद अंतर्गत बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के तकिया बदलगढ़ मजरे अहमदपुर निवासी आदिल (26)का शव गुरुवार की देर रात सधार मऊ गांव में नवनिर्मित पानी की टंकी के पास टीले पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक के सिर पर चोट के निशान मिलने से ग्रामीणों में हत्या की आशंका को लेकर चर्चा रही, जबकि शरीर पर झुलसने और जगह-जगह काले निशान भी पाए गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच में जुटी हुई है।

आदिल करीब चार दिन पहले ही मुंबई से अपने घर आया था। उसकी पत्नी गर्भवती है। गुरुवार की शाम को आदिल ने घर पर खाना बनाया और पत्नी को खिलाया । इसके बाद वह घर से निकल गया। देर रात्रि उसका शव घर से करीब 800 मीटर दूर पानी की टंकी के पास मिलने की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बाजार शुकुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शरीर पर मिले झुलसने के निशानों के चलते आकाशीय बिजली की चपेट में आने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, सिर पर चोट के निशान होने के कारण घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं।

बाजार शुकुल थाने के प्रभारी गजेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Next Story