- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सड़क पर खराब हुई...
उत्तर प्रदेश
सड़क पर खराब हुई एंबुलेंस, मदद करने पहुंचे चालक को अज्ञात वाहन ने रौंदा
nidhi
8 Oct 2026 8:18 AM IST

x
डंपर चालक की सड़क हादसे में मौत
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में दिल्ली-दून हाईवे पर बुधवार, 7 अक्टूबर की तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां खराब खड़ी एंबुलेंस को धक्का लगाकर स्टार्ट कराने में मदद कर रहे डंपर चालक को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया।
हादसा दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-दून हाईवे पर सकौती के पास नंगली आजड़ गांव के सामने हुआ। बुधवार तड़के करीब तीन बजे एक एंबुलेंस अचानक खराब होकर सड़क पर बंद हो गई थी। एंबुलेंस चालक ने वाहन को दोबारा स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन वह चालू नहीं हो सकी। रात का समय होने के कारण उसने आसपास मौजूद वाहन चालकों से मदद मांगनी शुरू कर दी।
एंबुलेंस चालक की पहचान शिवम तोमर के रूप में हुई है। वह मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के कुलीमानपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम प्रदीप तोमर है। एंबुलेंस बंद होने के बाद शिवम ने पास में मौजूद डंपर चालक से सहायता मांगी। डंपर चालक इसरार ने उसकी परेशानी देखकर मदद करने का फैसला किया। इसरार मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के नावला गांव का निवासी था। उसके पिता का नाम उमर मोहम्मद बताया गया है। इसरार खराब एंबुलेंस को पीछे से धक्का लगाकर स्टार्ट कराने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से इसरार गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन का चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। एंबुलेंस चालक शिवम तोमर ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दौराला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के बाद शव को मोर्चरी भिजवाया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दी गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
दौराला थाने के रात्रि प्रभारी सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि नंगली गेट के पास एंबुलेंस खराब होने के कारण चालक मदद मांग रहा था। इसी दौरान डंपर चालक इसरार एंबुलेंस को धक्का लगा रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अब हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। इस हादसे में सबसे दुखद पहलू यह रहा कि इसरार सड़क पर फंसे एक एंबुलेंस चालक की मदद करने के लिए रुका था, लेकिन इसी दौरान वह खुद दुर्घटना का शिकार हो गया।
Next Story





