उत्तर प्रदेश

Ambedkar Nagar: आकाशीय बिजली गिरने से युवक और मासूम बच्ची की मौत

Admindelhi1
14 Jun 2025 11:35 AM IST
Ambedkar Nagar: आकाशीय बिजली गिरने से युवक और मासूम बच्ची की मौत
x
गांव में छाया मातम

अंबेडकरनगर: जिले के आलापुर तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक आठ वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसे तेज आंधी और गरज-चमक के बीच हुए, जिससे गांवों में शोक की लहर फैल गई।

पहली घटना आलापुर थाना क्षेत्र के सराय हैबत गांव की है, जहां 40 वर्षीय राकेश कुमार मौर्य, जो सब्जी विक्रेता थे, घर पर मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी दोपहर बाद अचानक तेज बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के गनपतपुर गांव में हुई, जहां घर के बाहर खेल रही आठ साल की बच्ची प्राची पर आकाशीय बिजली गिर गई। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को परिजन आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इन दर्दनाक घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों में भी गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Next Story