उत्तर प्रदेश

डोर टू डोर कूड़ा उठाने के साथ यूजर चार्ज भी वसूलेंगे नगर निगम कर्मी

Admin Delhi 1
29 Aug 2023 8:31 AM GMT
डोर टू डोर कूड़ा उठाने के साथ यूजर चार्ज भी वसूलेंगे नगर निगम कर्मी
x
नगर निगम के जोनल सेनेटरी अफसरों को जिम्मेदारी

लखनऊ: नगर निगम ने घर-घर से कूड़ा उठाने तथा यूजर चार्ज वसूलने तक की व्यवस्था से पूरी तरह बदल दी है. अब नगर निगम कर्मचारियों पर ही घर-घर से कूड़ा उठाने से लेकर यूजर चार्ज वसूलने तक की जिम्मेदारी आ गयी है. जोनल सेनेटरी अफसरों की देखरेख में यह काम होगा. इसके लिए सभी जोनल सेनेटरी अफसरों को हैंडहेल्ड मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं. इससे सफाई व कूड़ा उठाने की व्यवस्था और बेहतर होने की बात अधिकारी कह रहे हैं. पहले दिन नगर निगम ने अपने संसाधनों से शहर से 200 ट्रक कूड़ा उठवाया.

इको ग्रीन कंपनी के हटने के बाद नगर निगम ने सभी आठ जोनों में उसी के वेंडरों को कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी दे दी थी. उसके वेंडरों ने काफी लापरवाही करनी शुरू कर दी. नगर निगम से पूरा भुगतान लेने के बावजूद वह अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे रहे थे. जिससे आए दिन कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय तथा जोन में

प्रदर्शन कर रहे थे. नगर निगम ने पिछले हफ्ते वेंडरों को भी हटा दिया है. अब से नगर निगम ने कूड़ा उठाने के साथ इन्हें ट्रांसफर स्टेशन तक खुद ले जाने का काम शुरू कर दिया.

नगर निगम ने देर शाम तक शहर से लगभग 200 ट्रक कूड़ा उठवाया. अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राव ने बताया कि शहर के विभिन्न पड़ाव स्थलों से की शाम तक काफी कूड़ा हटा दिया गया है.

नगर आयुक्त ने नई गाड़ियां खरीदने के लिए 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं. नई आने वाली गाड़ियों को भी कूड़ा उठाने के लिए लगाया जाएगा. नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम ने कूड़े से संबंधित सारी व्यवस्था अपने हाथ में ले ली है. सभी वेंडर को हटा दिया गया है. जोनल सेनेटरी अफसरों की देखरेख में ही कूड़ा कलेक्शन होगा.

Next Story