- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मैनपुरी में पांच साल...
उत्तर प्रदेश
मैनपुरी में पांच साल की बच्ची को बांधकर पीटने का आरोप, गर्भवती मां से भी मारपीट
nidhi
20 Oct 2026 9:58 AM IST

x
खेलते हुए खेत में पहुंची बच्ची को बांधा
मैनपुरी: कोतवाली क्षेत्र में पांच वर्षीय बच्ची को खेत में जाने पर रस्सी से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटी को बचाने पहुंची उसकी गर्भवती मां के साथ भी मारपीट की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घायल मां-बेटी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
खेलते हुए खेत की ओर चली गई थी बच्ची
शिकायत के अनुसार, घटना सोमवार, 19 अक्टूबर की सुबह की है। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह पड़ोसी के खेत में चली गई। आरोप है कि इससे नाराज होकर सुधीर कुमार, लालता प्रसाद और पुष्पेंद्र उर्फ हाजी ने उसे पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर मारपीट की। बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आरोपियों से उसे छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई।
बचाव करने पहुंची मां को धमकाने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि गर्भवती होने के बावजूद महिला पर हमला किया गया। आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और विरोध करने पर धमकी दी। इसके बाद महिला ने पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी तथा कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। मां-बेटी को आई चोटों के संबंध में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। चोटों की गंभीरता को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस को सौंपा गया घटना का वीडियो
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। महिला ने इसे पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध कराया है। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी भी मिली है। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अभी आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
Next Story





