उत्तर प्रदेश

यूपी में सभी प्रतिबंध हटे, वाटर पार्क और स्वीमिंग पूल फिर से शुरू

Deepa Sahu
17 March 2022 2:04 PM GMT
यूपी में सभी प्रतिबंध हटे, वाटर पार्क और स्वीमिंग पूल फिर से शुरू
x
कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए यूपी सरकार ने बड़ी राहत दी है।

कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए यूपी सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने वाटर पार्क और स्वीमंग पूल समेत सभी प्रतिबंध हटा लिया है। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी खोलने की अनुमति दे दी गयी है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि शादी विवाह समारोह भी बंद व खुले स्थानों पर पूरी क्षमता के साथ और मास्क की अनिवार्यता के साथ हो सकेंगे।

गौरतलब है कि कोरोना के घटते मामले के बीच केंद्र सरकार और राज्य सरकारें ढील देती जा रही है। हाल ही में विदेश से आने वाले यात्रियों को भारत सरकार ने राहत दी थी। इसके लिए भारत आने वाले यात्रियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई थी। इसे लागू भी कर दिया गया है। इसके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह तक क्वारंटीन में रहने की आवश्यकता नहीं होगी।
एयरपोर्ट पर पहुंचने पर सभी यात्रियों को दोनों कोरोना टीकाकरण का प्रमाणपत्र दिखाना होगा। नई गाइडलाइन में कहा गया था कि आरटी-पीसीआर की 72 घंटे की रिपोर्ट की अब आश्यकता नहीं है। यात्री अपना पूर्ण टीकाकरण प्रमाण पत्र दिखाकर जा सकते हैं।
उधर, यूपी के साथ ही जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक ने नाइट कर्फ्यू खत्म करने का एलान पहले कर दिया गया था। वहीं अब कर्नाटक सरकार ने राज्य में यात्रा को लेकर भी ढील दी है। कर्नाटक सरकार ने गोवा ओर केरल से आने वाले यात्रियों के लिए राज्य में आरटी-पीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट दिखाने की अनिवार्यता खत्म कर दी है। अब इन राज्यों से आने वाले यात्रियों को कोरोना टीकाकरण का सर्टिफिकेट दिखाना होगा।
प्रदेश में कोरोना के 51 नए मरीज
प्रदेश में कोरोना के 51 नए मरीज मिले हैं, जबकि 150 डिस्चार्ज हुए हैं। अब एक्टिव केसों की संख्या 1059 हो गई है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 125610 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 51 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें लखनऊ के छह और गौतमबुद्धनगर के 15 मरीज शामिल हैं। प्रदेश के 58 जिलों में एक भी मरीज नहीं मिला। इसी तरह गोरखपुर में 210 और लखनऊ में 128 एक्टिव केस हैं लेकिन अन्य जिलों में 100 से भी कम रोगी हैं। प्रदेश के नौ जिलों में एक भी एक्टिव केस नहीं हैं।

12 से 14 आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण शुरू
प्रदेश में बुधवार को 12 से 14 आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण शुरू हो गया है। शाम तक करीब 10 हजार किशोरों का टीकाकरण हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिविल अस्पताल से इसकी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि चौथी लहर के लिए भी प्रदेश में हर तैयारी पूरी हो गई है। टेस्ट, ट्रेट और टीका के मामले में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।

प्रदेश में 82 फीसदी को दोनों डोज
प्रदेश में अब तक 29 करोड़ 54 लाख वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है। इस तरह 103 फीसदी से अधिक वयस्क लोगों ने पहली खुराक प्राप्त कर ली है। जबकि 82 फीसदी लोगों को दोनों डोज ले ली है। प्रिकॉशन डोज के लिए पात्र फ्ंट लाइन वर्कर, पुलिसकर्मी, गंभीर रोग से ग्रस्त लोगों में से 97 फीसदी लोगों को टीका लग चुका है। जबकि 15 से17 आयु वर्ग में एक करोड़ 29 लाख 22 हजार से अधिक यानी 92 फीसदी किशोरों ने टीके की पहली खुराक ले ली है। इसी तरह 65 लाख 50 हजार यानी 47 फीसदी किशोर टीके की डबल डोज के सुरक्षा कवर में हैं।


Next Story