उत्तर प्रदेश

Aligarh: समलैंगिक संबंधों के खुलासे से टूटी शादी

Admindelhi1
3 March 2025 10:29 AM IST
Aligarh: समलैंगिक संबंधों के खुलासे से टूटी शादी
x
"दुल्हन की सहेली ने मचाया हंगामा"

अलीगढ: अलीगढ़ में रविवार रात एक शादी की रिंग सेरेमनी के दौरान अप्रत्याशित घटनाक्रम देखने को मिला। गांधीपार्क क्षेत्र के एक होटल में चल रहे समारोह के बीच अचानक एक युवती स्टेज पर पहुंची और दुल्हन का हाथ पकड़कर उसे खींचते हुए कमरे में ले गई। इसके बाद खुद को और दुल्हन को अंदर बंद कर लिया। इस घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई।

जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने जबरन दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। इसी बीच पुलिस को भी सूचना दे दी गई। जब युवती बाहर आई, तो उसने दावा किया कि दुल्हन के साथ उसका चार साल पुराना समलैंगिक रिश्ता है। यह सुनते ही दुल्हन के परिवार ने युवती की पिटाई कर दी, जबकि दुल्हन ने खुद इस रिश्ते से इनकार कर दिया और यहां तक कह दिया कि वह युवती को पहचानती तक नहीं है।

हालांकि, युवती ने दुल्हन संग अपने रिश्ते के ऐसे सबूत पेश किए, जिससे मामला और गंभीर हो गया। दूल्हे और उसके परिवार ने यह सब सुनने के बाद शादी से इनकार कर दिया और रिश्ता तोड़ दिया।

बुलंदशहर के पहासू क्षेत्र की इस युवती ने बताया कि वह और दुल्हन स्कूल के समय से प्रेम संबंध में थीं और शादी की योजना बना रही थीं। लेकिन दुल्हन के परिजनों के दबाव में आकर यह रिश्ता छिपाया जा रहा था। युवती का दावा है कि उसकी प्रेमिका ने शादी रुकवाने के लिए आत्महत्या की धमकी दी थी, जिसके बाद उसने खुद अपनी शादी तोड़ दी।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाई। फिलहाल, पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है, जबकि दुल्हन के परिजन इस रिश्ते को सिरे से नकार रहे हैं।

Next Story