- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Aligarh: यमुना...
Aligarh: यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा, दो की मौत, 29 घायल

अलीगढ़: टप्पल थाना क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा से दिल्ली की ओर जा रही एक निजी डबल डेकर बस पीछे से एक चलते ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 अन्य यात्री घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में बस चालक भी शामिल है। बस कानपुर से दिल्ली जा रही थी। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी वरुण सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संभवतः बस चालक को झपकी आ गई थी, जिसके चलते बस ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय दोनों वाहन एक ही दिशा में चल रहे थे।
घटना के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर दिया गया।





