- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Aligarh: क्राइम ब्रांच...
Aligarh: क्राइम ब्रांच ने 'डॉक्टर डेथ' को गिरफ्तार किया

अलीगढ़: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बार फिर अपराध की दुनिया में तहलका मचा देने वाले कुख्यात अपराधी डॉ. देवेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। 'डॉक्टर डेथ' के नाम से कुख्यात यह सीरियल किलर यूपी के अलीगढ़ का रहने वाला है और 100 से ज्यादा लोगों की हत्या करने के आरोप में पहले ही उम्रकैद की सजा काट रहा था। राजस्थान के दौसा जिले के एक आश्रम में पुजारी के भेष में छिपा यह अपराधी, आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया।
देवेंद्र शर्मा ने 1984 में बिहार से बीएएमएस (BAMS) की डिग्री ली और राजस्थान के बांदीकुई में जनता क्लीनिक खोलकर डॉक्टर की प्रैक्टिस शुरू की। लेकिन 1994 में एक गैस एजेंसी घोटाले में 11 लाख का चूना लगने के बाद वह अपराध की दुनिया में उतर गया।
अपराध की अंधेरी गाथा
1995-2004: शर्मा ने फर्जी गैस एजेंसियां बनाकर तेल कंपनियों के ट्रकों को लूटा।
125 से अधिक अवैध किडनी ट्रांसप्लांट किए, जिससे करोड़ों की कमाई हुई।
ट्रिप बुकिंग के नाम पर टैक्सी चालकों को अगवा कर हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शवों को मगरमच्छों से भरी हजारा नहर में फेंक दिया।
पहली गिरफ्तारी और पैरोल पर फरारी
2004 में पहली बार गिरफ्तार हुआ शर्मा कई मामलों में उम्रकैद और एक मामले में फांसी की सजा पा चुका है। लेकिन 2020 और 2023 में पैरोल पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था।
आश्रम में साधु बन छिपा था कातिल
दौसा के एक आश्रम में साधु का वेश धारण कर रह रहा शर्मा आखिरकार छह महीने की तलाश के बाद पकड़ा गया। दिल्ली पुलिस की टीम ने पहले शिष्य बनकर उसकी पहचान की, फिर उसे दबोच लिया।
27 आपराधिक मुकदमे दर्ज
उस पर हत्या, अपहरण, लूट सहित कुल 27 संगीन अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके जुर्म के बाकी पहलुओं का भी खुलासा हो सके।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। एक ऐसे खूंखार अपराधी की गिरफ्तारी, जो न केवल लोगों की जान लेता था, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शवों को मगरमच्छों के हवाले कर देता था—अब न्याय के कटघरे में खड़ा होगा।





