उत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर उठाए सवाल

Admin Delhi 1
25 Feb 2023 3:43 PM IST
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर उठाए सवाल
x

लखनऊ: आज शनिवार को उत्तर प्रदेश में विधानमंडल सत्र शुरू होते ही समाजवादी पार्टी के मुखिया और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में हुए मर्डर का मामला उठाया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने योगी सरकार पर करारा हमले करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। हास्पिटल से डॉक्टर गायब रहते हैं। सरकार को जिम्मेदारी पूर्वक इसका जवाब देना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष के सवालों का सदन में जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हम माफियाओं के खिलाफ हैं, उन्हें मिट्टी में मिला देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने ही अतीक अहमद को प्रश्रय दिया है। हम किसी भी माफिया को नहीं छोड़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा माफियाओं की पोषक है। राजूपाल हत्याकांड में अतीक अहमद दोषी हैं उसे सपा ने विधायक बनाकर प्रश्रय दिया। योगी ने कहा कि आप खुद माफियाओं का पोषण कर रहे हैं। इस पर सदन में कुछ देर के लिए हंगामा हो गया। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के दखल के बाद सदन की कार्यवाही फिर से चलने लगी।

बता दें कि बीते शुक्रवार को बसपा विधायक राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह और वकील उमेश पाल की स्वचालित हथियारों से गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में उमेश की सुरक्षा में तैनात गनर संदीप निषाद की भी मौत हो गई। प्रयागराज पश्चिम के विधायक रहे राजू पाल की 25 जनवरी, 2005 को हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद व उसके छोटे भाई पूर्व विधायक अशरफ पर केस चल रहा है।

Next Story