- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- लोकसभा चुनाव लड़ने के...

लखनऊ : कन्नौज लोकसभा सीट से वर्ष 2024 में एक बार फिर ताल ठोंकने वाले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव छह अगस्त को वहां समाजवादी विकास-रोजगार यात्रा निकालेंगे। कन्नौज में काऊ मिल्क प्लांट से लेकर मंडी तक यह यात्रा निकाली जाएगी। सपा का कहना है कि इस यात्रा के जरिए वह कन्नौज सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों की भाजपा सरकार द्वारा की जा रही बर्बादी को रेखांकित करेगी। इत्र के लिए मशहूर कन्नौज अपने दुर्दिन के दौर से गुजर रहा है। चुनाव लड़ने के लिए सपा मुखिया एक बार फिर यहां जमीन तैयार कर रहे हैं। अखिलेश का कहना है कि इत्र उद्योग के लिए मशहूर कन्नौज में इसके विकास के साथ ही इत्र म्यूजियम बनाने की योजना बनाई गई थी। कन्नौज में काऊ मिल्क प्लांट भी समाजवादी सरकार में लगा था। दुग्ध विकास की इस योजना को भाजपा ने बर्बाद कर दिया। यहां एशिया की सबसे बड़ी आलू मंडी चालू करने का काम भी हुआ था। कन्नौज में जिला अस्पताल में महिला विंग का निर्माण और कन्नौज-तिर्वा फोर लेन सड़क का भी निर्माण हुआ था। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में जबसे भाजपा सत्ता में आई है तबसे न सिर्फ राज्य का विकास अवरूद्ध हुआ है बल्कि रोजगार न मिलने से नौजवानों का भविष्य भी अंधकार में हो गया है। भाजपा ने समाजवादी सरकार के विकास कार्यों को बर्बाद करना ही अपना स्वभाव बना लिया है। विकास कार्यों के प्रति भाजपा की उपेक्षापूर्ण नीति और कानून व्यवस्था की बदहाली को देखते हुए जनता में भारी आक्रोश है। इसलिए छह अगस्त को समाजवादी विकास-रोजगार यात्रा निकाली जाएगी।