उत्तर प्रदेश

दलित सम्मेलन से पहले राजभर का वार, बोले- पहले बाबा साहेब और कांशीराम के अपमान पर माफी मांगें अखिलेश

jantaserishta.com
15 Nov 2026 10:37 AM IST
दलित सम्मेलन से पहले राजभर का वार, बोले- पहले बाबा साहेब और कांशीराम के अपमान पर माफी मांगें अखिलेश
x
लखनऊ। आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन से पहले सियासी वार-पलटवार तेज हो गया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोला है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम को लेकर सपा सरकार के समय लिए गए फैसलों की याद दिलाते हुए कहा कि अखिलेश आगरा के मंच से घोषणाएं करने से पहले बहुजन महापुरुषों के अपमान के लिए माफी मांगें।
राजभर ने अखिलेश को संबोधित करते हुए लिखा, “ए अखिलेश यादव भाई! सुना है कि आज आप आगरा में पीडीए के ‘डी’ का सम्मेलन करा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अखिलेश मंच से लंबी-लंबी घोषणाएं जरूर करें, लेकिन उसी मंच से बाबा साहेब और कांशीराम को लेकर की गई टिप्पणियों और अपमान के लिए खुद भी माफी मांगें। राजभर ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन को भी निशाने पर लिया। कहा कि अखिलेश उनसे राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान के लिए हिंदू समाज से माफी मांगने को कहें।
जिलों के नाम बदलने पर अखिलेश को घेरा
राजभर ने वर्ष 2012 में सपा सरकार के दौरान जिलों के नाम बदलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब और माई साहब के नाम पर बने भीम नगर का नाम सम्भल और रमाबाई नगर का नाम कानपुर देहात कर दिया गया। इसी तरह मान्यवर कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज किया गया। उन्होंने कांशीराम के नाम पर चलने वाली योजनाओं को बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया।
राजभर ने कहा कि बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने अस्पतालों, विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के नाम भी बदले गए। उन्होंने लखनऊ के डॉ. भीमराव अम्बेडकर हरित पार्क और कन्नौज के अम्बेडकर मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश को दलित सम्मेलन के मंच से इन फैसलों का भी जवाब देना चाहिए।
आगरा में ही याद दिलाया पनवारी कांड
आगरा में दलित सम्मेलन के बीच राजभर ने पनवारी कांड का जिक्र कर सपा को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा शासन के दौरान पनवारी में जाटव समाज की बारात पर हमला हुआ था। दूल्हे के घोड़े पर बैठकर बारात निकालने को लेकर शुरू हुई जातीय हिंसा में नौ लोगों की जान गई थी। राजभर ने इटावा की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अखिलेश के गृह जनपद में दलितों को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया था।
आजम खां के बहाने अखिलेश और शिवपाल पर वार
राजभर ने गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस के उद्घाटन समारोह में आजम खां की बाबा साहेब को लेकर की गई टिप्पणी को भी मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश की मौजूदगी वाले मंच से आजम खां ने बाबा साहेब को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, लेकिन अखिलेश ने इसका विरोध नहीं किया।
राजभर ने शिवपाल यादव पर भी तंज कसा। कहा कि वह आजम खां को गृह मंत्री बनाने की बात कर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि मंत्री रहते बाबा साहेब को लेकर ऐसी टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को गृह मंत्री बनाने की बात किस तरह की राजनीति है।
राजभर ने सपा के आगरा सम्मेलन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वहां की जनता भी सपा का ‘ट्रेलर’ देखेगी। उन्होंने कहा कि लोग तय करेंगे कि सपा की ‘गुंडागर्दी वाली फिल्म’ को कभी रिलीज नहीं होने देना है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story