उत्तर प्रदेश

Yogi's के आगमन से बदलेगा आगरा का ट्रैफिक प्लान, देखें रूट

Ratna Netam
25 July 2026 2:43 PM IST
Yogis  के आगमन से बदलेगा आगरा का ट्रैफिक प्लान, देखें रूट
x

आगरा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय आगरा दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। मुख्यमंत्री शनिवार और रविवार को आगरा में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके कार्यक्रमों को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ही अपने गंतव्य के लिए निकलें, ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को फतेहाबाद मार्ग स्थित टाटा ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं रविवार को उनका कार्यक्रम आगरा विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान उनके काफिले के गुजरने वाले मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात रोका जाएगा। सुरक्षा कारणों को देखते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की है।

पुलिस के अनुसार फतेहाबाद की ओर से आने वाले मध्यम और भारी वाहनों को इनर रिंग रोड के रास्ते रहनकलां, कुबेरपुर की तरफ भेजा जाएगा। इसके अलावा इनर रिंग रोड से गुतिला रमाडा अंडरपास होते हुए तोरा पुलिस चौकी और टाटा ग्राउंड कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले मध्यम और भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

रमाडा की तरफ से आने वाले हल्के वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। ऐसे वाहन तोरा चौकी से 125 फुटा रोड होते हुए कैला देवी धर्मकांटा मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं सेल्फी प्वाइंट की ओर से आने वाले हल्के वाहन निर्धारित लेन का इस्तेमाल करते हुए रमाडा की दिशा में जा सकेंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी रूट तय किया गया है। इन वाहनों को रमाडा इनर रिंग रोड से गुतिला अंडरपास होते हुए शमसाबाद, इरादतनगर, सैंया अथवा दिगनेर और रोहता मार्ग से भेजा जाएगा। इसी तरह शमसाबाद इनर रिंग रोड से आने वाले भारी वाहन रमाडा इनर रिंग रोड के रास्ते यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगे। कुछ वाहनों को कुबेरपुर मार्ग से भी निकाला जाएगा।

मुख्यमंत्री के रविवार के कार्यक्रम को देखते हुए शनिवार रात से ही यातायात व्यवस्था में अतिरिक्त बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से खंदारी कैंपस जाएंगे, जिसके चलते जीवनी मंडी, यमुना किनारा और वाटर वर्क्स क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। इन इलाकों में स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनियों के गोदामों पर शनिवार रात भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा गोदामों पर लोडिंग और अनलोडिंग का काम भी नहीं किया जा सकेगा।

पुलिस ने बताया कि शनिवार रात नो एंट्री खुलने के बाद भी भारी वाहनों को एत्मादुद्दौला, वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया, पालीवाल पार्क और अन्य वैकल्पिक मार्गों से जीवनी मंडी और यमुना किनारा क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर ले लें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्लान तैयार किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

Next Story