उत्तर प्रदेश

Agra: शादी के 24 घंटे में हादसा से दूल्हे की मौत के बाद दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल

Tara Tandi
18 Oct 2024 9:13 AM GMT
Agra: शादी के 24 घंटे में हादसा से दूल्हे की मौत के बाद दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल
x
Agra आगरा : बाह में जैतपुर रेलवे स्टेशन के पास प्रयागराज-बीकानेर एक्सप्रेस से गिरकर सीकर, राजस्थान के रहने वाले भागचंद (26) की मौत हो गई। भागचंद की एक दिन पहले ही शादी हुई थी। वह परिवार के साथ दुल्हन को प्रयागराज से विदा कराकर घर लौट रहे थे। हादसा बृहस्पतिवार की सुबह करीब 5 बजे हुआ।
सीकर, राजस्थान के गांव बेनिया बास निवासी भागचंद की शादी 15 अक्तूबर को प्रयागराज की रूसी के साथ हुई थी। भागचंद और उनका परिवार बुधवार को प्रयागराज-बीकानेर एक्सप्रेस से दुल्हन को विदा कराकर घर लौट रहा था। मृतक भागचंद के भाई रामेश्वर ने बताया कि बुधवार देर रात इटावा स्टेशन के पास पूरा परिवार सो गया था। फतेहाबाद में उनकी आंख खुली तो भागचंद डिब्बे में नहीं था। ट्रेन के कई डिब्बे खंगाले, लेकिन पता नहीं लगा। मोबाइल भी स्विच ऑफ जा रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह घर पर पुलिस की कॉल पहुंची कि भागचंद का शव जैतपुर में मिला है। माना जा रहा है कि नींद में टॉयलेट के लिए उठे भागचंद की ट्रेन से गिरने से मौत हुई है।
पुलिस के अनुसार जैतपुर स्टेशन के पास करीब 200 गज की दूरी पर ट्रैक के किनारे भागचंद का शव मिला।मोबाइल और आधार कार्ड से मृतक की पहचान भागचंद के रूप में हुई। मृतक के हाथ में कंगन बंधा था। थानाध्यक्ष जैतपुर की सूचना पर परिजन मोर्चरी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव उनको सौंप दिया गया।
फेरे लेने के 24 घंटे बाद उजड़ा सुहाग
फेरे लेने केे 24 घंटे बाद ही दुल्हन रूसी का सुहाग उजड़ गया। पति की मौत की जानकारी रूसी को नहीं दी गई है। भारी रामेश्वर ने बताया कि सूरजाराम के चार बेटों में भागचंद दूसरे नंबर का था। भाई रामेश्वर बार-बार यही कहकर फफक रहा था कि घर पर क्या बताएंगे? कैसे मुंह दिखाएंगे? दुल्हन की दुनिया उजड़ गई, उसे कैसे समझाएंगे।
Next Story