उत्तर प्रदेश

Agra: दुर्गा विसर्जन में नदी हादसा, 12 लोग डूबे

Admindelhi1
3 Oct 2025 1:11 PM IST
Agra: दुर्गा विसर्जन में नदी हादसा, 12 लोग डूबे
x

आगरा: दशहरे के पर्व पर आगरा के खेरागढ़ में गुरुवार (2 अक्टूबर) को एक भयानक हादसा हो गया। दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान उंटगन नदी में एक साथ 12 युवक गहरे पानी में डूब गए। इस अचानक हुए हादसे से पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया है।

12 डूबे, 3 के शव बरामद; एक को बचाया गया

हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ। कुसियापुर गांव में स्थापित मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन के लिए गाँव के करीब 40-50 पुरुष, महिलाएं और बच्चे उंटगन नदी के पास पहुंचे थे। मिली जानकारी के अनुसार नदी में विष्णु (20), ओमपाल (25), गगन (24), हरेश (20), अभिषेक (17), भगवती (22), ओके (16), सचिन पुत्र रामवीर (26), सचिन पुत्र ऊना (17), गजेंद्र (17) और दीपक (15) सहित कई युवक गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर डूबने लगे।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए सबसे पहले विष्णु नामक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। देर रात तक ओमपाल, गगन और एक अन्य युवक का शव नदी से बरामद किया गया, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घंटों बाद पहुंची SDRF, स्थानीय लोगों में गुस्सा

हादसे की सूचना पर डीएम अरविन्द मलप्पा और डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा भी भारी फ़ोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।

पुलिस के देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों ने भारी नाराजगी जाहिर की। अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। शुरुआती घंटों में बचाव के कोई साधन मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू हुआ, जिसके 6 घंटे बाद SDRF की टीम मौके पर पहुँची। देर रात तक भी नदी में डूबे अन्य युवकों की तलाश जारी थी।

पुलिस का बयान

डीसीपी अतुल शर्मा ने बताया कि ग्रामीण विसर्जन स्थल से आगे गहरे पानी में चले गए थे, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने तीन मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि बाकी लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस भीषण हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Next Story