उत्तर प्रदेश

Agra: ग्रामीण विकास के लिए 10 लाख रुपये तक ऋण योजना

Admindelhi1
19 April 2026 1:44 PM IST
Agra: ग्रामीण विकास के लिए 10 लाख रुपये तक ऋण योजना
x
"स्वरोजगार योजना से गांवों में बढ़ेंगे अवसर"

आगरा: ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दूर करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य पोषित ‘मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना’ के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार और इकाइयां स्थापित करने के लिए युवक- युवतियों को अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

18 से 50 वर्ष के युवा उठा सकते हैं लाभ

इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 50 वर्ष होनी चाहिए। जनपद आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाला कोई भी व्यक्ति, जो अपना नया उद्योग लगाना चाहता है या सेवा क्षेत्र से जुड़ा कोई भी कार्य शुरू करना चाहता है, वह इस योजना का लाभ उठाकर अपने सपनों को उड़ान दे सकता है।

महिलाओं और आरक्षित वर्ग को ब्याज में भारी छूट

योगी सरकार ने इस योजना में समाज के हर जरूरतमंद वर्ग का विशेष ध्यान रखा है। योजना के प्रावधानों के अनुसार, स्वीकृत पूंजीगत ऋण पर सामान्य श्रेणी के पुरुष आवेदकों को बैंक द्वारा निर्धारित ब्याज में से स्वयं केवल 4 प्रतिशत ब्याज का वहन करना होगा। वहीं अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, दिव्यांगों और भूतपूर्व सैनिकों को इस योजना के अंतर्गत पूंजीगत ऋण पर शून्य प्रतिशत (0%) ब्याज देना होगा।

ऑनलाइन करें आवेदन

इच्छुक आवेदक सीधे ऑनलाइन पोर्टल (https://mmgrykhadi.upsdc.gov.in) पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन करते समय आवेदक के पास आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, शैक्षिक व तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) और एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो होना अनिवार्य है। ऑनलाइन आए आवेदनों की पहले स्कोरकार्ड के जरिए निष्पक्ष जांच की जाएगी और फिर चयनित फाइलें बैंकों को भेजी जाएंगी।

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी नीतू यादव ने बताया कि योगी सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए यह योजना बेहद लाभकारी है। वित्तीय वर्ष 2026- 27 के लक्ष्य के अनुरूप हमने आवेदन आमंत्रित किए हैं। हमारी कोशिश है कि अधिक से अधिक जरूरतमंद इस योजना का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। ऑनलाइन प्रक्रिया होने से पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए युवा 59 नारायण विहार कॉलोनी, पश्चिम पुरी, सिकंदरा स्थित जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Next Story