उत्तर प्रदेश

आगरा: सेवा भारती कार्यालय प्रमुख पर हमला, पथराव में चार लोग घायल'

Kunti Dhruw
26 Dec 2021 5:52 PM GMT
आगरा: सेवा भारती कार्यालय प्रमुख पर हमला, पथराव में चार लोग घायल
x
यूपी खबर

बिलोचपुरा में सेवा भारती के कार्यकर्ताओं पर रविवार शाम को हमला कर दिया गया। इस हमले में कार्यालय प्रमुख सहित चार कार्यकर्ता घायल हो गए। घटना की सूचना फैलने पर बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ता और पदाधिकारी लोहामंडी थाने पर पहुंच गए। थाने का घेराव कर हंगामा किया। थाने के बाहर जाम लगाने का प्रयास भी किया। नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अभी भी हंगामा चल रहा है।

क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने बताया कि लोहा मंडी के बिलोचपुरा में सिंधी धर्मशाला है। एक साल पहले धर्मशाला में सेवा भारती का कार्यालय बनाया गया था। यह कार्यालय मिश्रित आबादी में आता है। विशेष समुदाय के लोगों की संख्या अधिक है। उन लोगों ने कार्यालय खोले जाने पर आपत्ति जाहिर की थी। यह मामला पुलिस तक पहुंच गया था। तब किसी तरह मामला खत्म हो सका था।
उन्होंने बताया कि दो महीने पहले कार्यालय खोल दिया गया। इसमें हवन भी कराया गया। रविवार शाम 7:15 बजे कार्यालय प्रमुख शिवम अपने तीन कार्यकर्ताओं के साथ मोती कटरा स्थित सेवा भारती के कार्यालय में जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने घेर लिया। उनसे खींचतान और मारपीट की। बीच-बचाव करने पर पथराव कर दिया। इससे शिवम सहित अन्य के चोट लग लग गई। घटना की जानकारी कार्यकर्ताओं ने संघ के पदाधिकारियों और अन्य लोगों को दी। बाद में थाने आकर जानकारी दी। पुलिस ने चारों को मेडिकल के लिए भेज दिया।
कुछ ही देर में थाने पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ता जुट गए। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। कार्रवाई की मांग की। सूचना पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह पहुंच गए। विधायक योगेंद्र उपाध्याय, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित, क्षेत्रीय मंत्री गौरव राजावत सहित अन्य पदाधिकारी कार्यवाही की मांग को लेकर थाने पर बैठे हुए हैं। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जाम लगाने का भी प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें किसी तरह शांत किया।
Next Story