- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Agra: दुर्गा प्रतिमा...
Agra: दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में दुर्घटना, 6 बच्चे अब भी लापता

आगरा: विजयादशमी पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान खेरागढ़ थाना क्षेत्र की डूंगरवाला उंटगन नदी में बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जन करने उतरे 7 लड़के नदी में डूब गए, जिससे घाट पर चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को बाहर निकाल लिया है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, 6 युवक अब भी लापता हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई। बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जमा थे। महिलाएं नदी किनारे रुक गईं, जबकि युवक प्रतिमा लेकर नदी के भीतर उतर गए। इसी दौरान तेज बहाव में 7 लड़के डूबने लगे। कुछ युवक किसी तरह किनारे आ गए, लेकिन 6 युवक बहाव में बह गए।
सूचना पर खेरागढ़ थाना प्रभारी मदन सिंह तुरंत टीम के साथ पहुंचे और वर्दी उतारकर खुद नदी में कूद पड़े। उन्होंने स्थानीय युवक भोला को बाहर निकाला, लेकिन उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद घाट पर महिलाओं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कई लोग प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर युवकों की सलामती की प्रार्थना करते रहे।
लापता युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है
सचिन महावीर (15) पुत्र रामवीर सिंह
ओके (18) पुत्र किशन सिंह
भगवती (20) पुत्र मुरारीलाल
हरेश (20) पुत्र यादव
गगन (17)
ओमपाल (19)
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी, डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा और चेयरमैन सुधीर गर्ग भी मौके पर पहुंचे। डीएम ने रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की और गोताखोरों की टीम को तलाश में लगाया गया है।
खबर अपडेट की जा रही है





