- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- खेत पहुंचकर डीएम ने...
खेत पहुंचकर डीएम ने फसल नुकसान का लिया जायजा, किसानों से की वार्ता

शासन के निर्देशों के क्रम में प्रत्येक तहसील के अपलोड किये गये आंकड़ो में से सूखे से सर्वाधिक प्रभावित 10-10 ग्रामों के पुनः स्थलीय सत्यापन के लिये जनपद में संचालित किये गये अभियान का जायज़ा लेने के लिए डीएम डॉ. दिनेश चन्द्र ने ग्राम बंगला चक का दौरा किया। उन्होंने किसानों से वार्ता कर फसल की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र बुधवार को रिसिया विकास खंड के ग्राम बंगला चक पहुंचे। गांव में कई किसानो के खेत में जाकर धान के फसल की स्थिति जांची।इसके बाद पंचायत भवन में ग्रामवासियों से भेंट कर खरीफ में बुवाई तथा फसलों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए सुझाव दिया कि जिने किसानों को नुकसान हुआ है। उसका पूरा विवरण ग्राम के लेखपाल को उपलब्ध करा दें। डीएम ने लेखपाल को निर्देश दिया फसल क्षति का गाटावार विवरण तैयार किया जाय।
डीएम ने मौजूद किसानों से पीएम किसान सम्मान निधि योजना के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए योजना की पात्रता तथा वर्तमान समय में भू-लेख सत्यापन, डाटा फीडिंग तथा अपलोडिंग कार्य की जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों को सुझाव दिया कि परम्परागत खेती के साथ-साथ जैविक खेती को भी अपनाये। डीएम ने किसानों को नैपियर घास के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि अपने पशुओं के सामर्थ के अनुसार नैपियर घास की बोआई भी करें। नैपियर घास को एक बार बोने मात्र से आगामी पॉच वर्षों तक पशुओं के लिए हरा चारा प्राप्त किया जा सकता है।
किसानों व ग्रामवासियों से मुलाकात करने के उपरान्त डीएम डॉ. चन्द्र ने कृषक पतिराम, चेतराम व लल्लू पुत्रगण राजाराम के खेत का स्थलीय निरीक्षण कर फसल क्षति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, खण्ड विकास अधिकारी रिसिया अनूप कुमार यादव, थानाध्यक्ष रिसिया इन्द्रजीत यादव मौजूद रहे।
न्यूज़ क्रेडिट: amritvichar