उत्तर प्रदेश

जय श्रीराम के बाद ‘राधे-राधे’ पर सियासी संग्राम, केशव मौर्य ने अखिलेश को घेरा

jantaserishta.com
22 Nov 2026 1:33 PM IST
जय श्रीराम के बाद ‘राधे-राधे’ पर सियासी संग्राम, केशव मौर्य ने अखिलेश को घेरा
x
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले धार्मिक नारों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन पर पलटवार किया है।
उन्होंने कहा कि सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं। इस पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है। केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं। अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ गूंजता है तो ब्रज में लोग ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "सपा बहादुर को ये साफ़ करना चाहिए कि अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा क्या? तुष्टिकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले, ‘जय श्रीराम’ भी गूंजेगा और ‘राधे-राधे’ भी। 2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का 'सपना' फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार ‘कमल’ खिलेगा।"
दरअसल, भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नया नारा दिया है। अभी हाल में मथुरा के परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गौ अनुसंधान केंद्र में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय योजना एवं चिंतन बैठक के दौरान यह नारा सामने आया था। पार्टी की रणनीति में ब्रज क्षेत्र की पारंपरिक अभिवादन शैली ‘राधे-राधे’ को भाजपा के चुनाव चिह्न कमल से जोड़कर 2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस नारे पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा ने अब नया नारा ढूंढ लिया है- ‘राधे-राधे’। विदाई के समय भी लोग राधे-राधे कहते हैं। इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि ‘राधे-राधे’ नारे का मतलब है कि भाजपा ने खुद ही स्वीकार कर लिया है कि उसकी विदाई होने वाली है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा सीतापुर में शून्य पर पहुंच जाएगी। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा, "भाजपा के लोग जानते हैं कि इस बार जनता उन्हें हरा देगी, जिस दिन चुनाव की तारीख आएगी, उसी दिन भारतीय जनता पार्टी हार जाएगी।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story