उत्तर प्रदेश

फेरी से लौटते पर हुए विवाद के बाद चाचा ने भतीजे के सीने में घोंपा नुकीला औजार, हुई मौत

Admin Delhi 1
7 Oct 2022 10:04 AM GMT
फेरी से लौटते पर हुए विवाद के बाद चाचा ने भतीजे के सीने में घोंपा नुकीला औजार, हुई मौत
x

मेरठ क्राइम न्यूज़: कायस्थ बड्ढा में नशे में धुत चाचा ने मामूली विवाद के चलते सगे भतीजे के सीने में नुकीला औजार मार दिया। लहूलुहान हालत में परिजन उसे मेडिकल ले गए। जहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम को भेज दिया। देर रात सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस बल तैनात कर दिया।मृतक की मां ने आरोपी चाचा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। किठौर के कायस्थ बड्ढा निवासी विनोद (40) पुत्र भोले और रविंद्र (25) पुत्र विजयपाल सगे चाचा भतीजा थे। दोनों शराब के आदी थे। एकसाथ शराब पीते और चावलों की फेरी करते थे। बताया कि बृहस्पतिवार को फेरी कर घर लौटते समय दोनों में हाथापाई हो गई। आरोप है कि देर शाम करीब 8:00 बजे विनोद ने रविंद्र को घर से बुलाया और बाहर रास्ते पर बैठकर साथ शराब पी। इस बीच दोनों में पुन: झगड़ा हो गया और विनोद ने बोरा खोलने वाले नुकीले औजार से रविंद्र के सीने पर दो वार कर दिए। जिससे रविंद्र लहूलुहान हो गया।

चीख सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन व ग्रामींण घायल को तुरंत मेडिकल ले गए। जहां उपचार के दौरान रविंद्र ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मेडिकल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर रात सीओ अमित कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस तैनात कर दी। मृतक की मां लच्छो देवी ने विनोद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने बताया कि नशेड़ी होने के कारण विनोद की पत्नी छह वर्ष पूर्व उसे घर छोड़कर बच्चों सहित जा चुकी है। जबकि रविंद्र की पत्नी भी नशे के विरोध के चलते आठ महीने पूर्व अपनी इकलौती बेटी संग घर छोड़ गई

Next Story