- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मौसम विभाग की चेतावनी...
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

Lucknow लखनऊ : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने रविवार रात प्रदेश के लिए जिला स्तरीय मौसम एडवायजरी जारी की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं हल्की बारिश तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। विभाग ने लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
आईएमडी के मुताबिक, कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज हवा के कारण पेड़-पौधों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई जिले शामिल हैं। इनमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, सहारनपुर, अमरोहा, बरेली, गाजियाबाद जैसे पश्चिमी यूपी के जिले शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, अंबेडकरनगर, देवरिया, कुशीनगर, संतकबीरनगर, बस्ती और महाराजगंज समेत कई जिलों में भी मौसम बदलने की संभावना जताई गई है।
बुंदेलखंड और मध्य यूपी के क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, कानपुर नगर, ललितपुर और झांसी जैसे जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। इसके साथ ही इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, कन्नौज और हरदोई में भी मौसम परिवर्तन को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने बहराइच, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए भी सतर्क रहने को कहा है। विभाग के अनुसार, इन इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और तेज हवा का दौर आ सकता है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश का असर फसलों पर भी पड़ सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए खेतों में सिंचाई, कटाई और अन्य कृषि कार्यों की योजना बनाएं। खुले में रखे कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह भी दी गई है।
प्रशासन ने भी मौसम विभाग की एडवायजरी के बाद संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बिजली विभाग, आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज हवाओं और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। बिजली चमकने के समय पेड़ के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
आईएमडी के अनुसार, आने वाले घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का यह बदलाव जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की जरूरत है।





