उत्तर प्रदेश

मुजफ्फरनगर में युवती के आरोपों पर कार्रवाई, आरोपी से पूछताछ जारी

Ratna Netam
28 July 2026 4:36 PM IST
मुजफ्फरनगर में युवती के आरोपों पर कार्रवाई, आरोपी से पूछताछ जारी
x

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के थाना छपार क्षेत्र के गांव खामपुर से जुड़ा कथित लव जिहाद प्रकरण सोमवार को चर्चा में आ गया। मध्य प्रदेश निवासी एक युवती द्वारा पहचान छिपाकर शादी करने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और मारपीट किए जाने के आरोप लगाए जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया। घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल, शिव सेना समेत कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे।

प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अजरूल अंसारी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

युवती ने एसएसपी के नाम दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी मुलाकात मध्य प्रदेश में एक कोल्हू पर काम करने के दौरान एक युवक से हुई थी। युवती का कहना है कि युवक ने अपना नाम अजय उर्फ अज्जू बताया और खुद को हिंदू बताकर उसके साथ प्रेम संबंध बनाए। इसके बाद दोनों ने गुड़गांव के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की।

शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद आरोपी युवती को गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में किराये के मकान में रखता था। युवती का आरोप है कि 27 जुलाई को आरोपी उसे अपने गांव खामपुर लेकर आया, जहां उसे युवक की असली पहचान अजरूल अंसारी पुत्र गुलशाद के रूप में हुई। इसके बाद युवती ने कथित तौर पर धोखे का विरोध किया।

युवती ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी, उसकी मां और कुछ अन्य महिलाओं ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। युवती का कहना है कि उसने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।

शिकायत में युवती ने ग्राम प्रधान समेत कुछ अन्य लोगों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि ग्राम प्रधान की मौजूदगी में उस पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। वहीं, हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा समझौते का दबाव बनाने का प्रयास किया गया।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए एक सब-इंस्पेक्टर की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस दौरान विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल और शिव सेना के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में देहराज चौहान, ललित माहेश्वरी, रवि चौधरी और शिव सेना जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा समेत कई कार्यकर्ता और अधिवक्ता शामिल थे। सभी ने पीड़िता की सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलने के बाद थाना छपार प्रभारी मोहित कुमार सहरावत भी एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अजरूल अंसारी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता और प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी और पीड़िता के बीच संबंध, शादी से जुड़े दस्तावेज, लगाए गए आरोपों की सत्यता और अन्य संबंधित साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Next Story