उत्तर प्रदेश

प्रयागराज में स्मैक तस्करी पर कार्रवाई, तीन के खिलाफ मुकदमा

Admindelhi1
18 Nov 2026 1:52 PM IST
प्रयागराज में स्मैक तस्करी पर कार्रवाई, तीन के खिलाफ मुकदमा
x
प्रयागराज में एक करोड़ तीन लाख की स्मैक बरामद होने का पुलिस का दावा

प्रयागराज: फाफामऊ थाना पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से कुल 515 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत एक करोड़ तीन लाख रुपये है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कर्नलगंज थाना क्षेत्र के पुराना कटरा निवासी सनाउल्लाह उर्फ रानू और मनोज बारी तथा धूमनगंज थाना क्षेत्र के हरवारा गांव निवासी मोहम्मद कैफ शामिल हैं।

तलाशी के दौरान सनाउल्लाह के पास से 201 ग्राम, मोहम्मद कैफ के कब्जे से 138 ग्राम और मनोज बारी से 176 ग्राम स्मैक मिली। तीनों बरामदगियों का कुल वजन 515 ग्राम पाया गया।

पुलिस के मुताबिक, सनाउल्लाह उर्फ रानू के खिलाफ पहले से 14 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, चोरी, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं, मनोज बारी के खिलाफ हत्या के प्रयास, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम समेत सात मुकदमे दर्ज हैं।

तीनों आरोपियों के खिलाफ फाफामऊ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 267/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

डीसीपी गंगानगर ने बताया कि कार्रवाई में फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक सिंह यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी सुखचैन तिवारी, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मौर्य, सौमित्र सिंह और मुकेश कुमार यादव शामिल रहे। टीम में मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, जयप्रकाश यादव तथा आरक्षी राजेश्वर कुमार और गौरव गौतम की भी भूमिका रही।

Next Story