उत्तर प्रदेश

प्रशासन से तीन दिन में मांगा ट्रैफिक खत्म करने का एक्शन प्लान

Admin4
4 Aug 2022 5:13 PM GMT
प्रशासन से तीन दिन में मांगा ट्रैफिक खत्म करने का एक्शन प्लान
x

न्यूज़क्रेडिट:लाइव हिन्दुस्तान

लखनऊ की यातायात व्यवस्था को सुधारने का जिम्मा अब उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने ली है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अफसरों से तीन दिन के भीतर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का एक्शन प्लान मांगा है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को लखनऊ के कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में यातायात, नगर निगम, स्वास्थ्य, बिजली, आईटीआई, शिक्षा समेत अन्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक की।

इस दौरान उन्होंने लखनऊ के विकास कार्यों की समीक्षा की। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने लखनऊ की यातायात व्यवस्था का मामला उठाया। प्रशासन पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि इतना बड़ा पुलिस प्रशासन अमला होने के बाद भी यातायात व्यवस्था क्यों नहीं दुरुस्त हो पा रहा है। ट्रैफिक जमा गंभीर समस्या है इसे खत्म करने की दिशा में तत्काल कदम उठाने होंगे। प्रशासन एक्शन प्लान तैयार करके तीन दिन के भीतर इसका प्रजेंटेशन दें।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ के गोमतीनगर, हजरतगंज, कालीदास मार्ग, महानगर, स्टेशन रोड समेत दूसरे इलाकों में यातायात की व्यवस्था को सुधारा जाए। इस बैठक में जिला अधिकारी सूर्यपाल गंगवार, पुलिस कमिश्नर एसबी शिरोडकर व सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल समेत अन्य कई अधिकारी मौजूद रहे।

ट्रैफिक लाइट्स और सीसीटीवी कैमरे सही कराए प्रशासन

उपमुख्यमंत्री की इस बैठक में कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। जिसमें ट्रैफिक लाइट्स और सीसीटीवी कैमरे को सही कराने पर चर्चा की गई। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि सुबह स्कूल खुलने और छूटने के समय जगह-जगह पर पुलिस मुस्तैद रहे, स्कूल के बाहर अभिभावकों को सही जगह गाड़ी लगाने का निर्देश दिया जाए। समय-समय पर ट्रैफिक को लेकर एनांउसमेंट करते रहें और प्रतिबंधित गाड़ियों को रोका जाए।

नगर निगम कूड़े का करे निस्तारण

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने नगर निगम के अफसरों को समुचित कूड़ा निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कूड़े की उठान नियमित रूप से की जाए। घरों से रोज कूड़ा इक्कठा किया जाए। नगर निगम इस बात को सुनिश्चित करें कि इलाके में कूड़े का ढेर न लग सके। सीधे तय स्थान पर एकत्र कर निस्तारित किया जाए। इससे प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी और प्रदेश को साफ सुथरा भी बनाया जा सकेगा। लोगों को संक्रमण व दूसरी बीमारियों से बचाने में भी मदद मिलेगी।

विकास योजनाओं का किया जाए निरीक्षण

डिप्टी सीएम ने 50 लाख से अधिक की विकास योजनाओं का प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगा। अधिकारियों से कहा कि नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति देंखें और स्थलीय निरीक्षण करें। अधिकारी समय-समय पर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी योजना में गड़बड़ी या भ्रष्टाचार रो सहन नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ध्यान दे कि समय पर जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।

सात अगस्त को चलेगा बूस्टर डोज अभियान

कोरोना से बचाव के लिए सात अगस्त को वैक्सीनेशन का महाअभियान चलेगा। इसमें बूस्टर (प्रिकास्नरी) डोज लगाई जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा, "कोरोना वायरस खत्म नहीं हुआ है। अभी सतर्क रहने की जरूरत है। लोग भीड़ भाड़ में जाने से बचें। मास्क लगाकर ही बाहर निकलें। कोरोना की वैक्सीन की बारी आने पर जरूर लगवाएं। वैक्सीन ही कोरोना से मुकाबले का मजबूत हथियार है। लिहाजा बारी आने पर वैक्सीन जरूर लगवाएं। सरकारी अस्पतालों में कोरोना की वैक्सीन मुफ्त लगाई जा रही है। को-वैक्सीन और कोविशील्ड वैक्सीन सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।" उन्होंने अधिकारियों से महाभियान की तैयारियों को और पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।

Next Story