उत्तर प्रदेश

कड़ी सुरक्षा के बीच अब्बास अंसारी को पहुंचाया गया कासगंज जेल

Admin Delhi 1
15 Feb 2023 11:48 AM GMT
कड़ी सुरक्षा के बीच अब्बास अंसारी को पहुंचाया गया कासगंज जेल
x

कासगंज: बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी का बेटा अब्बास अंसारी चित्रकूट से कासगंज जेल भेज दिया गया है। विधायक अब्बास अंसारी का अब नया ठिकाना कासगंज की हाई सिक्योरिटी जेल होगी। अब्बास को कड़ी सुरक्षा के बीच कासगंज लाया गया। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और एसपी सौरभ दीक्षित ने पूरे जिले में कड़ी निगरानी के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। इसके साथ ही जेल में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जेल के मुख्य द्वार पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

संतोष कुमार (DSP, मैनपुरी, उत्तर प्रदेश) ने कहा, अब्बास अंसारी(SBSP विधायक) चित्रकूट कारागार में बंद थे। उन्हें कासगंज शिफ्ट किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे मैनपुरी में पुलिस तैनात की गई है।

माफिया मुख्तार अंसारी के पुत्र और सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी को बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चित्रकूट से कासगंज जेल भेज दिया गया। मनी लॉड्रिंग के मामले में अब्बास अंसारी चित्रकूट की रगौली जेल में निरूद्ध थे। पिछले दिनों विधायक से अवैध रूप से मेल मुलाकात करने पहुंची पत्नी निकहत को जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने पकड़ा था।

निकहत को न्यायिक हिरासत में कर्वी जेल भेज दिया गया था। इसी कड़ी में अब्बास का स्थानांतरण कासगंज जेल में किये जाने का निर्णय शासन ने लिया था। आज सुबह अब्बास अंसारी को चित्रकूट जेल से शिफ्ट करने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी जहरं अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी की अगुवाई में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे कासगंज जेल के लिये रवाना किया गया।

अब्बास अंसारी से उनकी पत्नी निकहत बानो अवैध तरीके से मिलने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि जेल में पत्नी को बुलाने के बदले अब्बास अंसारी जेल स्टाफ को मोटी रकम पहुंचाता था। इसी पैसे के बंटवारे को लेकर जेल स्टाफ में विवाद हो गया। किसी जेलकर्मी ने इसकी शिकायत जिला प्रशासन को दे दी। फिर चित्रकूट के डीएम और एसपी ने मिलकर जेल में छापेमारी कर दी। निकहत बानो को भी गिरफ्तार कर चित्रकूट जेल में रखा गया है।

बुधवार सुबह चित्रकूट जेल से कासगंज जेल ले जाया गया। इस दौरान बेहद कड़े सुरक्षा प्रबंध थे। कासगंज जेल में अब्बास को बेहद कड़ी निगरानी में रखे जाने के निर्देश दिए गए हैं। चित्रकूट जेल में लापरवाही के मामले में 7 जेल कर्मियों को निलंबित किया गया। चित्रकूट जेल अधीक्षक और अपर जेल अधीक्षक समेत अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था।

11 फरवरी को प्रशासन की एक टीम ने चित्रकूट जेल में औचक निरीक्षण किया था। उस दौरान अब्बास अंसारी की पत्नी निकहत बानो को जेल अधीक्षक कार्यालय के बगल के एक कमरे से पुलिस ने पकड़ा था।तब पुलिस ने उसके पास से दो सेलफोन बरामद किए थे। पुलिस में उनपर फोन से डेटा डिलीट करने की कोशिश का भी आरोप लगाया है।

Next Story