उत्तर प्रदेश

शाहपुर के चेयरमैन हाजी अकरम को आम आदमी पार्टी ने भी दिखाया बाहर का रास्ता

Shreya
9 July 2023 7:56 AM GMT
शाहपुर के चेयरमैन हाजी अकरम को आम आदमी पार्टी ने भी दिखाया बाहर का रास्ता
x

शाहपुर। नगर पंचायत अध्यक्ष संग भाजपा नेताओं के लगे होर्डिंग्स का विवाद रुकने का नाम नही ले रहा है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी के निर्देश पर शाहपुर नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी उर्फ़ कल्लू पौदी को आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष ने बाहर का रास्ता दिखाते हुए उन्हें अपनी पार्टी से निष्कासन का पत्र थमा दिया है। दो दिन पहले उन्हें जमीयत उलेमा-ए-हिन्द ने भी अपने संगठन से बर्खास्त कर दिया था।

आम आदमी पार्टी के सिंबल पर चुनाव जीते नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम उर्फ़ कल्लू पौदी पिछले कई दिनों से सुर्खियों में है, जब कई दिन पूर्व देर रात्रि में कस्बे के मुख्य स्थानों पर कावड़ यात्रा को लेकर कावडिय़ो के स्वागत होर्डिंग्स पर भाजपा पार्टी के शीर्ष नेताओ के फोटो लगाकर विवादों के घेरे में फंस गए थे। भाजपा के मंडल अध्यक्ष एकांश त्यागी द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध शाहपुर थाना प्रभारी विनय शर्मा को एक शिकायती पत्र दिया गया था, जिसमे बिना भाजपा पार्टी की सदस्यता लिए होर्डिंग्स पर उनके शीर्ष नेताओ व पदाधिरियो का फोटो लगाकर गलत प्रयोग कर भाजपा पार्टी की छवि को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया था, जबकि हाजी अकरम चेयरमैन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता है।

पत्र पर कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी ने रात में समस्त होर्डिंग को हटवा दिया था। हाजी अकरम की दो नावों की सवारी के चक्कर में हाजी अकरम जमीयत उलमा-ए-हिन्द की सदस्यता भी दो दिन पहले खो बैठे है। आज उसी कड़ी में भाजपा से नजदीकियों के चलते आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविन्द बालियान ने भी उन्हें पार्टी के विरुद्ध कार्य करने के आरोप लगाते हुए पार्टी प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश मिलते ही पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाते हुए उन्हें निष्कासन पत्र थमा दिया है।

चेयरमैन दो दिन पूर्व एक वीडियो जारी कर केंद्र की भाजपा सरकार व प्रदेश सरकार के पक्ष में कसीदे पढ़ते नजर आये थे, उनकी इस वीडियो से जहां कस्बे के मुस्लिम समाज के लोगों में चेयरमैन हाजी अकरम कुरैशी के प्रति आक्रोश हो चला है। वहीं उनके करीबी हाजी मुरसलीन पूर्व प्रधान बसी कला व शाहपुर निवासी तौहीद त्यागी ने भी भाजपा के पक्ष में बोलने पर वीडियो जारी कर अपने आपको हाजी अकरम कुरेशी से अलग होना बताया है।

Next Story