उत्तर प्रदेश

तगादा करने पर गला घोंटकर युवक की हत्या, पड़ोसी ने कमरे में छिपाई लाश

Saba Naaz
28 Jun 2025 6:58 PM IST
तगादा करने पर गला घोंटकर युवक की हत्या, पड़ोसी ने कमरे में छिपाई लाश
x
Badaun बदायूं : बदायूं के फैजगंज थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर में शुक्रवार शाम 10 हजार रुपये का तगादा करने पर अवैध शराब बेचने वाले अपने ही घर में युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्यारोपी ने युवक का शव घर के कमरे में छुपा दिया। शनिवार को युवक का भाई हत्यारोपी के घर पहुंचा। तलाशी लेने पर शव बरामद हो गया। सीओ बिसौली सुनील कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की पूछताछ में हत्यारोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आगे की तफ्तीश में जुट गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। गांव भवानीपुर निवासी मजदूर धर्मेंद्र उर्फ बुद्धि (32 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश चार साल से संभल के चंदौसी क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी महादेव में किराये का मकान लेकर पत्नी व बच्चों के साथ रहता था।
शुक्रवार शाम धर्मेंद्र अकेला गांव लौटा। वह अपने घर न जाकर पड़ोस के राजपाल के घर पहुंच गया। वह अवैध शराब बेचता है। धर्मेंद्र और राजपाल ने शराब पी। इस बीच धर्मेंद्र ने राजपाल से अपने 10 हजार रुपये का तगादा किया। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिससे राजपाल आवेश में आ गया। उसने घर में रस्सी से धर्मेंद्र का गला घोंटकर हत्या कर दी। राजपाल ने हत्या करने के बाद धर्मेंद्र के शव को एक कमरे में छुपा दिया।
शनिवार सुबह धर्मेंद्र के बड़े भाई जुगेंद्र को उसके गांव में आने की जानकारी मिली। इस पर जुगेंद्र ने धर्मेंद्र की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। कुछ ग्रामीणों ने जुगेंद्र को बताया कि उसका भाई राजपाल के घर गया था। इसके चलते जुगेंद्र का राजपाल पर शक गहरा गया। वह राजपाल के घर पहुंचा। राजपाल ने पहले तो धर्मेंद्र के घर आने की बात नहीं कबूली। जुगेंद्र ने राजपाल से एक कमरे में बंद ताले को खोलने को कहा। काफी जिद के बाद जब राजपाल ने कमरे का ताला खोला तो उसके अंदर धर्मेंद्र का शव पड़ा मिला।
Next Story