उत्तर प्रदेश

पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था इनामी बदमाश, जवाबी कार्रवाई में घायल

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:42 AM IST
पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था इनामी बदमाश, जवाबी कार्रवाई में घायल
x
चोरी की बाइक के साथ पकड़ा गया 25 हजार का इनामी बदमाश, अस्पताल में भर्ती

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश रिहान को गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर रात कांठ रोड पर अगवानपुर चौकी क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइंस क्षेत्र के आजादनगर निवासी सोनू सैनी की बाइक 8 नवंबर की रात चोरी हुई थी। मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चक्कर की मिलक निवासी रिहान का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

रविवार रात करीब एक बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने कांठ रोड पर चेकिंग शुरू की। बाइक सवार रिहान को रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा। घेराबंदी होने पर उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बाइक, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, रिहान पर छह मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। उस पर युवती से मोबाइल लूटने का मामला भी दर्ज है।

Next Story