उत्तर प्रदेश

पेट्रोल पंप पर चोरी का अनोखा तरीका, मशीन ऑपरेट कर 70 लीटर पेट्रोल उड़ा ले गया चोर

Admindelhi1
16 Nov 2026 9:25 AM IST
पेट्रोल पंप पर चोरी का अनोखा तरीका, मशीन ऑपरेट कर 70 लीटर पेट्रोल उड़ा ले गया चोर
x
सेल्समैन को भनक तक नहीं लगी, दो बार पेट्रोल चोरी करने वाला चित्रकूट का शातिर गिरफ्तार

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पेट्रोल चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर चोर पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के सोने का इंतजार करता था और फिर खुद मशीन संचालित कर पेट्रोल निकालकर फरार हो जाता था। आरोपी को पेट्रोल पंप की मशीन चलाने की जानकारी थी, जिसका इस्तेमाल वह चोरी की वारदातों को अंजाम देने में करता था। बिसंडा थाना पुलिस ने दो बार पेट्रोल चोरी करने वाले इस आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 70 लीटर पेट्रोल, चार प्लास्टिक की पिपिया और वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, मामला बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बे स्थित एचपीसीएल के मां त्रिलोचनी फिलिंग स्टेशन का है। ओरन निवासी हिमांशु ने 14 और 15 नवंबर की रात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि बिसंडा रोड स्थित पेट्रोल पंप से 24 सितंबर और 6 नवंबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल चोरी किया था।

इस मामले की खास बात यह थी कि आरोपी ने किसी दूसरे व्यक्ति की मदद लेने के बजाय खुद ही पेट्रोल पंप की मशीन संचालित की थी। वह चारपहिया वाहन से पेट्रोल पंप पहुंचता और मौका देखकर मशीन से पेट्रोल निकाल लेता था। कर्मचारियों को इसकी भनक लगने से पहले ही वह मौके से फरार हो जाता था।

शिकायत मिलने के बाद बिसंडा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने पेट्रोल पंप और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति और उसके वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई गई।

इसी बीच 15 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पेट्रोल चोरी की घटनाओं में शामिल व्यक्ति चारपहिया वाहन से सिंहपुर की तरफ से ओरन आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और सिंहपुर रोड स्थित विशाल पुरवा मोड़ पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध चारपहिया वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान श्यामराज पुत्र शिरोमन निवासी बारामाफी, थाना पहाड़ी, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई।

मशीन चलाने की जानकारी का उठाता था फायदा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पेट्रोल पंप से दो बार चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसे पेट्रोल पंप की मशीन संचालित करना आता है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर वह रात के समय पेट्रोल पंप पर पहुंचता और मौका देखकर मशीन से पेट्रोल निकाल लेता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन प्लास्टिक की पिपिया में भरा करीब 70 लीटर पेट्रोल बरामद किया। इसके अलावा एक खाली सफेद पिपिया भी मिली। पेट्रोल चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए चारपहिया वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

इस मामले में क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि बिसंडा थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप से हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद पेट्रोल, पिपिया और वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने 24 सितंबर और 6 नवंबर को पेट्रोल पंप को निशाना बनाया था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पेट्रोल पंप की मशीन खुद संचालित कर चोरी करने का उसका तरीका इस पूरे मामले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Next Story