उत्तर प्रदेश

अनोखी लव स्टोरी! प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़ी, मुंबई में बैठे प्रेमी से वीडियो कॉल पर हुआ निकाह

Shubhra Nandy
24 Oct 2026 10:20 AM IST
अनोखी लव स्टोरी! प्रेमिका मोबाइल टावर पर चढ़ी, मुंबई में बैठे प्रेमी से वीडियो कॉल पर हुआ निकाह
x
ऑनलाइन निकाह के बाद उतरी नीचे
बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। परिवार की ओर से शादी की सहमति नहीं मिलने पर एक युवती करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी से निकाह कराने की मांग करने लगी। युवती का प्रेमी रोजगार के सिलसिले में मुंबई में था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कई घंटे तक समझाने के बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बनवाई। इसके बाद काजी की मौजूदगी में वीडियो कॉल के जरिए निकाह की रस्में पूरी कराई गईं और युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
परिवार शादी को नहीं था तैयार
घटना 23 अक्टूबर को बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के चौधरी गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, युवती अपने परिचित नूरुद्दीन से शादी करना चाहती थी, लेकिन दोनों परिवारों के बीच इस रिश्ते को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी। नूरुद्दीन मुंबई में काम करता है। इसी बीच युवती गांव में लगे बीएसएनएल मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसे इतनी ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। परिजनों और ग्रामीणों ने भी उसे समझाया। बाद में दोनों परिवारों से बातचीत कर शादी को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की गई। सहमति बनने के बाद काजी और गवाहों की मौजूदगी में मुंबई में रह रहे नूरुद्दीन से वीडियो कॉल पर संपर्क किया गया। दोनों की रजामंदी से ऑनलाइन निकाह की रस्में पूरी कराई गईं।
निकाह के बाद सुरक्षित नीचे उतरी युवती
पुलिस के अनुसार, निकाह की रस्म पूरी होने के बाद युवती सुरक्षित टावर से नीचे उतर आई। मोतीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि युवती को सुरक्षित उतारना पुलिस की प्राथमिकता थी। इस दौरान स्थानीय लोगों और परिजनों ने भी सहयोग किया।
Next Story