- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- यूपी में कुल 10 करोड़...
उत्तर प्रदेश
यूपी में कुल 10 करोड़ 97 लाख 53 हजार 172 पर्यटक घूमने के आए
Ritisha Jaiswal
15 May 2022 8:46 AM GMT

x
प्रदेश में लॉकडाउन के बाद पर्यटन उद्योग पटरी पर लौटने लगा है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से विभाग की बांछें खिल रही हैं
प्रदेश में लॉकडाउन के बाद पर्यटन उद्योग पटरी पर लौटने लगा है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से विभाग की बांछें खिल रही हैं। अयोध्या में डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालु रामलला दर्शन के लिए पहुंचे, जबकि लखनवी विरासत से रूबरू होने के लिए 40 लाख से अधिक पर्यटक आए। इसी तरह वाराणसी व अन्य धार्मिक स्थलों पर भी पर्यटकों के आने से रौनक लौटनी शुरू हो गई है। यूपी में कुल 10 करोड़ 97 लाख 53 हजार 172 पर्यटक घूमने के लिए आए।
कोविड का संक्रमण फैलने पर प्रदेश में पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया था। इससे पर्यटन उद्योग ठप पड़ गया था। घरेलू व विदेशी पर्यटकों की संख्या में हुई कमी अब पूरी होनी शुरू हो गई है। वर्ष 2021 के आंकड़े से पर्यटन उद्योग की रौनक का अंदाजा लगाया जा सकता है। लखनऊ में 40 लाख 84 हजार 454 पर्यटक आए। इनमें रेजीडेंसी, इमामबाड़ों, पार्कों, जू आदि में बड़ी संख्या के घरेलू पर्यटक शामिल हैं। जबकि लॉकडाउन से पहले लखनऊ में सालाना 55 लाख पर्यटक आते रहे हैं। हालांकि वर्तमान में यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या काफी कम है। यह सिर्फ 920 दर्ज हुई है।
वहीं लखनऊ मंडल के नीमसार में एक लाख 31 हजार 250 पर्यटक पहुंचे। अयोध्या में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। अधिकारी इसकी वजह श्रीराम मंदिर निर्माण को मान रहे हैं। अयोध्या में नए आंकड़ों के अनुसार एक करोड़ 54 लाख 60 हजार 182 पर्यटक आए, जबकि गत वर्ष यह संख्या 60 लाख 22 हजार 618 थी और वर्ष 2019 में दो करोड़ एक लाख 49 हजार 392 पर्यटक रामजन्मभूमि दर्शन के लिए आए थे। इसी तरह वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम दर्शन के लिए 30 लाख 78 हजार 479 पर्यटक पहुंचे। इनमें दो हजार 566 विदेशी पर्यटक शामिल रहे हैं।
आगरा मंडल टॉप पर
यूपी में पर्यटन के नौ मंडल हैं। इनमें से आगरा मंडल में पर्यटकों की संख्या सर्वाधिक रही है। वहां 3 करोड़ 71 लाख 70 हजार 456 पर्यटक ताजमहल व आसपास के क्षेत्रों को देखने के लिए पहुंचे हैं। झांसी मंडल में 68 लाख 37 हजार 685 पर्यटक, बरेली मंडल में 7 लाख 17 हजार 181, प्रयागराज मंडल में एक करोड़ 44 लाख 92 हजार 831, वाराणसी मंडल में 68 लाख 84 हजार 84, लखनऊ मंडल में एक करोड़ नौ लाख 17 हजार 340, मेरठ में एक करोड़ 13 लाख 57 हजार 38, अयोध्या मंडल में एक करोड़ 94 लाख 97 हजार 216 और गोरखपुर मंडल में 18 लाख 79 हजार 341 पर्यटक पहुंचे।

Ritisha Jaiswal
Next Story