उत्तर प्रदेश

दरोगा पर धमकी देकर रकम लेने का आरोप, वीडियो सामने आया

Admindelhi1
23 Sept 2026 1:42 PM IST
दरोगा पर धमकी देकर रकम लेने का आरोप, वीडियो सामने आया
x
धमकी देकर 21 हजार लेने का आरोप, जांच की मांग

बिजनौर: उत्तराखंड के काशीपुर निवासी एक युवक ने नगीना देहात थाने में तैनात दरोगा पर धमकी देकर 21 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। युवक का आरोप है कि शांतिभंग के मामले में चालान और एसडीएम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी दरोगा ने उसे अपने कमरे में बुलाकर रुपये मांगे। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। युवक ने अधिकारियों को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

काशीपुर के गांव मिस्सरवाला निवासी सुहैल अब्बास ने वीडियो जारी कर बताया कि कुछ दिन पहले उनकी पत्नी मायके चली गई थीं। 18 सितंबर को वह पत्नी को लेने जोगीरंपुरी स्थित दरगाह पहुंचे थे। वहां विवाद होने के बाद पत्नी ने नगीना देहात थाने में उनके खिलाफ शिकायत की।

शांतिभंग में चालान कर भेजा एसडीएम कोर्ट

सुहैल का आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया, जहां दरोगा बादशाह खान ने उनके साथ गाली-गलौज की और पूरी रात थाने में बैठाए रखा। अगले दिन उनका शांतिभंग के आरोप में चालान कर एसडीएम कोर्ट भेज दिया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

आरोप है कि जमानत मिलने के बाद दो सिपाही उन्हें दोबारा थाने ले गए और दरोगा के कमरे में ले जाकर रुपये मांगे। सुहैल के मुताबिक, रुपये देने से इनकार करने पर उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी |

सुहैल ने आरोप लगाया कि उनसे सात हजार रुपये नकद लिए गए, जबकि 12 हजार रुपये अनस के क्यूआर कोड पर ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद घर पहुंचने पर भी उनसे दो हजार रुपये ऑनलाइन लिए गए। इस तरह कुल 21 हजार रुपये लिए जाने का आरोप लगाया गया है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद एसपी के के विश्नोई ने जांच एएसपी देहात को सौंप दी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Next Story