उत्तर प्रदेश

वाराणसी और प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, गंगा-यमुना में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

jantaserishta.com
24 Nov 2026 8:26 AM IST
वाराणसी और प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, गंगा-यमुना में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
x
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों वाराणसी और प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पवित्र नदियों में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा है। बड़ी संख्या में लोग मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। आज एक साथ कई पावन पर्वों का महासंगम है। आज कार्तिक पूर्णिमा का पवित्र दिन है, साथ ही देव दीपावली, गुरु नानक जयंती और कार्तिक स्नान के समापन का महापर्व भी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है।
धर्म और आस्था की नगरी काशी में आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर दूर-दराज से श्रद्धालु काशी पहुंचे हैं और विधि-विधान से गंगा स्नान और पूजा-पाठ कर रहे हैं। सुबह से ही गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा देखने को मिल रहा है।
पटना से काशी पहुंचे पवन ने समाचार एजेंसी से कहा, "आज कार्तिक पूर्णिमा का दिन है और इस दिन देव उठनी एकादशी होती है। देव उठनी के बाद सभी देवी-देवता अपनी नींद से जागते हैं और उसके बाद यह पहला पूर्णिमा का स्नान है। इसलिए इसका महत्व विशेष बढ़ जाता है। खासकर काशी में स्नान करने से सारे देवताओं का आशीर्वाद मिलता है।"
काशी के रहने वाले धरमेश्वर झा ने कहा कि पूरे साल में 12 पूर्णिमा और 24 एकादशी होते हैं। आज के दिन देव दीपावली भी मनाई जाती है। पूरे काशी में हर घाट पर श्रद्धालु दीपदान करते हैं। पूरे साल का पुण्य फल आज के स्नान से प्राप्त होता है।
इसी तरह, प्रयागराज के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। यमुना में डुबकी लगाने पहुंचीं सीमा चौधरी ने आईएएनएस से कहा कि आज के दिन का महत्व यह है कि पूरा एक महीना कार्तिक महीने का स्नान चला और आज पूर्णिमा का दिन है। आज के दिन तुलसी माता की विदाई होती है, इसलिए यमुना नहाने का बड़ा महत्व होता है।
उन्होंने कहा कि जिस भी व्यक्ति ने पूरे कार्तिक के महीने में नदियों में स्नान नहीं किया है, अगर वो आज के दिन भी स्नान करता है तो पूरे साल का पुण्य मिलता है। कार्तिक पूर्णिमा के साथ-साथ आज के दिन स्नान के नियमों और परंपराओं को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
अंजू जायसवाल ने कहा कि मान्यताएं हैं कि कार्तिक के महीने में यमुना में स्नान करने से सभी पाप और कष्ट दूर होते हैं। घर में सुख-समृद्धि आती है। ऐसा भी कहा जाता है कि कार्तिक महीने के आखिरी पांच दिन में यमुना स्नान से पूरे महीने का फल मिलता है।
पूनम मिश्रा ने कहा कि घर पर स्नान करने, तुलसी के पौधे की पूजा करने और परिक्रमा करने के बाद, हम सीधे यहां आते हैं, फिर से स्नान करते हैं और पूरे विधि-विधान के साथ अनुष्ठान करते हैं। यह क्रम पूरे एक महीने से चल रहा है, क्योंकि कार्तिक के महीने का बहुत बड़ा महत्व है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story