उत्तर प्रदेश

बरेली में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत,फंदे से लटका मिला शव

Tara Tandi
16 March 2024 3:40 PM IST
बरेली में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत,फंदे से लटका मिला शव
x
बरेली : बरेली में प्रेम विवाह के दो साल बाद महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शुक्रवार को उसका शव ससुराल में फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौत से पहले महिला ने बहन को कॉल कर कहा था कि उसे बचा लो नहीं तो ये लोग उसकी हत्या कर देंगे।
थाना इज्जतनगर क्षेत्र के शिकारपुर निवासी नूरबानो ने बताया कि उनकी बेटी रजिया (20) ने पड़ोसी कासिम से दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से कासिम, उसकी मां परवीन, पिता जाकिर हुसैन, बहन निशा, भाई शाकिर और मुजम्मिल, मामा राशिद व जाकिर दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। वे दहेज में दस लाख रुपये मांग रहे थे।
बृहस्पतिवार रात पौने दो बजे रजिया ने अपनी छोटी बहन नस्तइन को कॉल कर कहा कि बहन मुझे बचा लो, ये लोग पीट रहे हैं। ये लोग मेरी हत्या कर देंगे। साढ़े तीन बजे जब नस्तइन पहुंची तो रजिया का शव फंदे से लटका मिला। नस्तइन ने ही उन्हें और पुलिस को घटना की जानकारी दी। नूरबानो की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Next Story