उत्तर प्रदेश

एक शख्‍स ने आपसी विवाद के बाद गर्भवती पत्‍नी की हत्‍या कर बोरे में छुपाई लाश

Admin Delhi 1
26 Oct 2022 11:51 AM GMT
एक शख्‍स ने आपसी विवाद के बाद गर्भवती पत्‍नी की हत्‍या कर बोरे में छुपाई लाश
x

क्राइम न्यूज़: बरेली के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में एक शख्‍स ने पत्‍नी से तू-तू मैं-मैं के दौरान दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्‍या कर दी। इसके बाद उसके शव को बोरे में बंद कर स्‍टोर में छिपा दिया। मारी गई महिला गर्भवती थी। उसकी उम्र 21 वर्ष थी। वारदात को अंजाम देने के बाद पति घर से फरार हो गया। थोड़ी देर बाद घर लौटे पिता को मामले की जानकारी हुई है तो उन्‍होंने डॉयल-112 पर फोन कर पुलिस बुलाई। पुलिस ने शव को बरामद कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी। यह वारदात मंगलवार शाम करीब चार बजे बरेली के फतेहगंज पश्चिमी कस्‍बे के मोहल्‍ला अंसारी में हुई। हत्‍यारोपी पति का नाम रिजवान और उसके हाथों मारी गई उसकी पत्‍नी का नाम जैनब था। जैनब का मायका भी अंसारी मोहल्ले में है। आठ महीने पहले ही रिजवान से उसकी शादी हुई थी। रिजवान फर्नीचर का काम करता है। पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त रिजवान की मां बकरियों के लिए चारा लेने गई थीं और 11 साल की बहन बाहर थी। रिजवान के पिता बिलाल भी किसी काम से बाहर गए थे।

उसी दौरान रिजवान और जैनब के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रिजवान ने जैनब की पिटाई की और फिर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में बंद कर गैलरी के ऊपर बने स्टोर में छिपाकर फरार हो गया। पिता बिलाल घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने यूपी 112 पर फोन किया तो कुछ ही देर में सीओ मीरगंज राजकुमार मिश्र और इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद शव को उतारकर पोस्टमार्टम को भेजा गया। मृतका के गले पर दबाव के निशान मिले हैं। मामले में मृतका के पिता शब्बीर अहमद ने उसके पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है।

Next Story