- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- TB शिविर में बड़ी...
TB शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग, स्वास्थ्य विभाग ने दी जानकारी

Meerut मेरठ : टीबी यूनिट साबुन गोदाम के अंतर्गत क्षेत्र के लालापुरा में मंगलवार को टीबी जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्र की सभासद श्रीमती तुलसावती ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को टीबी रोग के प्रति जागरूक करना और निःशुल्क जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते इसका समय पर पता चल जाए और नियमित उपचार लिया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधिक से अधिक लोगों को निःशुल्क छाती का एक्स-रे और टीबी जांच कराने की अपील की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि सरकार की योजनाओं के तहत टीबी मरीजों को मुफ्त दवाएं और नियमित निगरानी की सुविधा दी जाती है।इस अवसर पर एचएलएफपीपीटी के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अजीत सिंह, एसटीएस रविंदर, टीबी यूनिट साबुन गोदाम के टीबीएचवी राहुल शर्मा, एक्स-रे तकनीशियन कपिल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और अपनी टीबी जांच कराई। कई लोगों ने मौके पर ही छाती का एक्स-रे भी कराया।कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग ने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” का संदेश देते हुए लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं और समय पर उपचार शुरू करें, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके और पूर्ण रूप से ठीक किया जा सके।





