उत्तर प्रदेश

पुलिस थाने में खौफनाक वारदात, चाकू से गोदकर युवक को उतारा मौत के घाट

Admindelhi1
12 Nov 2026 2:45 PM IST
पुलिस थाने में खौफनाक वारदात, चाकू से गोदकर युवक को उतारा मौत के घाट
x
थाने के अंदर हत्या से हड़कंप, युवक पर चाकू से हमला

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना बिजय नगर के अंदर एक 20 साल के युवक की हत्या कर दी गई। हमलावर ने उसके सीने पर चाकू से वार किए। जिससे युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। चाकू मारकर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने युवक के घरवालों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।

मृतक के छोटे भाई ने बताया कि 06 नवंबर को भी हमलावरों ने उसके भाई के साथ मारपीट की थी। तब भी पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई थी।

पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि सर्वोदय नगर में रहने वाले यशपाल का बेटा आयुष (20) नोएडा में एक कंपनी में काम करता था। बुधवार शाम वह भैया दूज मनाकर घर लौटा था। घर के बाहर उसे चरण सिंह कॉलोनी में रहने वाले सोनू ने अपने साथियों के साथ घेर लिया। उसके साथ मारपीट की। मोहल्ले वालों की शिकायत पर विजय नगर थाना पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर सोनू के साथी भाग गए। पुलिस आयुष और सोनू को पकड़ कर थाने लेकर गई।

पीछे-पीछे आयुष के घरवाले भी थाने पहुंच गए। यहां थाने में घुसते ही सोनू ने आयुष के सीने पर चाकू से वार कर दिया। चाकू लगते ही आयुष जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसको अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। इसी बीच, पुलिस ने आरोपी सोनू को पकड़ लिया।

आयुष के भाई अमन ने बताया कि धनतेरस (6 नवंबर) पर भी झगड़ा हुआ था। उस दिन मैं भाई के साथ ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में आरोपियों ने हम लोगों से मारपीट की और फिर खुद ही पुलिस को बुला लिया। पुलिसवाले आए और आयुष को जीप में बैठाकर ले गए थे। अमन ने दूसरे पक्ष के लोगों को पकड़ने की बात कही। इस पर पुलिसवालों ने उसके साथ भी मारपीट की थी।

अमन का आरोप है कि परिवार के लोग आयुष को थाने से छुड़ाकर घर ले आए थे। इसके बाद पुलिस से शिकायत भी की गई थी। पुलिस एकतरफा कार्रवाई करते हुए आयुष को ही जेल भेज दिया था। उधर, झगड़े के बाद सोनू लगातार आयुष को हत्या की धमकी दे रहा था।

डीसीपी का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला साफ होगा। उनके अनुसार आयुष का धनतेरस के दिन वाला झगड़ा दूसरे लड़कों से हुआ था। इस मामले मे पुलिस की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Next Story