- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सुखद अंत! संपत्ति...
उत्तर प्रदेश
सुखद अंत! संपत्ति विवाद ने बिगाड़े रिश्ते...थाने में दो भाई फूट-फूटकर रो पड़े
jantaserishta.com
20 Nov 2026 12:04 PM IST

x
चर्चा में मामला.
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में जमीन और फसल के बंटवारे ने दो सगे भाइयों के बीच ऐसी नफरत की दीवार खड़ी कर दी कि छह महीने तक दोनों के बीच बातचीत तक बंद रही. कभी गरीबी के दिनों में कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करने वाले दोनों भाई करोड़ों का कारोबार और संपत्ति खड़ी करने के बाद एक-दूसरे के दुश्मन बन बैठे. विवाद इतना बढ़ा कि मामला थाने तक पहुंच गया. लेकिन थाने में पुलिस की काउंसलिंग ने ऐसा असर दिखाया कि दोनों भाई अपने पुराने गिले-शिकवे भूल गए. एक-दूसरे को गले लगाकर फूट-फूटकर रोने लगे. भाइयों का यह भावुक मिलन देखकर वहां मौजूद उनकी पत्नियों की आंखें भी नम हो गईं.
आपको बता दें कि पूरा मामला जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव का है. यहां के रहने वाले राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रमेश चंद्र श्रीवास्तव के बीच जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. दोनों भाइयों के बीच मनमुटाव इतना बढ़ गया कि छह महीने से रिश्तों में बातचीत पूरी तरह बंद थी.
बताया जाता है कि दोनों भाइयों का बचपन बेहद गरीबी में गुजरा. परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दोनों ने मजदूरी की और करीब 15 साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में बेंगलुरु चले गए. वहां कड़ी मेहनत और संघर्ष के दम पर कारोबार खड़ा किया और करोड़ों की संपत्ति बनाई. लेकिन वक्त बदला तो जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं. विवाद लगातार बढ़ता देख एसपी तक मामला पहुंचा. इसके बाद गुरुवार के दिन थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की.
फतेहपुर पुलिस ने दोनों को बचपन के संघर्ष, गरीबी के दिनों और एक-दूसरे के साथ बिताए पुराने पलों की याद दिलाई. इसके बाद थाने में ऐसा भावुक नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को झकझोर दिया. छह महीने से एक-दूसरे से दूर रहे दोनों भाई गले मिलकर फूट-फूटकर रोने लगे. भाइयों की आंखों में आंसू देखकर उनकी पत्नियां भी खुद को रोक नहीं सकीं और उनकी आंखें छलक उठीं और आखिरकार पुलिस की समझाना रंग लाई. दोनों भाइयों ने आपसी सहमति से अपने गिले-शिकवे दूर किए और फिर से मिल-जुलकर रहने का फैसला किया. छह महीने से चली आ रही तल्खी खत्म हुई तो परिवार में भी खुशियां लौट आईं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





