- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मुरादाबाद में साइबर...
मुरादाबाद में साइबर ठगी गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

मुरादाबाद: लोगों को झांसे में लेकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाने और उनमें साइबर ठगी की रकम मंगाकर निकालने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह का मुरादाबाद पुलिस ने खुलासा किया है। भगतपुर थाना पुलिस और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बंद पड़े भट्टे में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके दो साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह के अनुसार, जांच में सामने आया है कि गिरोह ने सिटी यूनियन बैंक और उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न फर्जी खातों के माध्यम से 7 अक्टूबर 2025 से 27 अक्टूबर 2025 के बीच साइबर ठगी से जुड़े कुल 47,82,090 रुपये निकाले थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भगतपुर थाना क्षेत्र के दौलपुरी बमनिया निवासी हसन पुत्र मुर्तजा और ग्राम भगतपुर निवासी फिरोज आलम पुत्र जमीर अहमद के रूप में हुई है। क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को टाहमदन रोड स्थित बंद भट्टे में कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, मौके से ग्राम भगतपुर निवासी शाहनवाज और सरफराज, दोनों पुत्र शराफत, फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में 13 मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, 10 बैंक पासबुक, दो चेकबुक, फर्जी हस्ताक्षर वाला एक चेक, नौ एटीएम कार्ड और तीन सिम कार्ड बरामद हुए। इसके अलावा बुलेट मोटरसाइकिल की एक आरसी, तीन पैन कार्ड, पांच आधार कार्ड तथा 1,05,000 रुपये नकद भी पुलिस ने बरामद किए।
एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह चलाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, गिरोह लोगों को झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था। साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में मंगाई जाती थी और फिर विभिन्न माध्यमों से नकद निकालकर आपस में बांट ली जाती थी।
संयुक्त कार्रवाई में भगतपुर थानाध्यक्ष सुमित राठी, उपनिरीक्षक मौ. सरताज, उपनिरीक्षक गुलवीर सिंह और साइबर क्राइम थाने के उपनिरीक्षक शिवम तायल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





